उत्तराखंड : मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने देहरादून में किया स्थलीय निरीक्षण, मतदाताओं से लिया फीडबैक
रायपुर विधानसभा क्षेत्र के सारथी विहार में सुपर चेकिंग के दौरान दस्तावेजों की जांच; 3 अक्टूबर को मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की जानकारी दी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 25 Sep, 2026 02:37 PMदेहरादून, 25 सितंबर 2026। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत देहरादून जिले के रायपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित सारथी विहार में सुपर चेकिंग के अंतर्गत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों और दस्तावेजों की जांच की तथा स्थानीय मतदाताओं से बातचीत कर अभियान को लेकर फीडबैक लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित दस्तावेजों का अवलोकन किया। जांच में उन्होंने पाया कि बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) स्तर पर फॉर्म-7 का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारण किया गया है।
डॉ. पुरुषोत्तम ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में जुटे फील्ड स्टाफ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बूथ स्तर पर बीएलओ पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को पुनरीक्षण कार्य में आवश्यक सावधानी एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
3 अक्टूबर को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। उन्होंने आम मतदाताओं से अपील की कि अंतिम प्रकाशन के बाद वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि या नाम से संबंधित समस्या होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, रायपुर विधानसभा क्षेत्र की ईआरओ डॉ. अपूर्वा सिंह सहित बीएलओ एवं अन्य संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Dehradun #Uttarakhand #ChiefElectoralOfficer #VoterList #SpecialIntensiveRevision #ElectionCommission #Raipur #SarthiVihar



No Previous Comments found.