चारधाम यात्रा में बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या, व्यवस्थाओं से संतुष्ट गुजरात के श्रद्धालु

बदरीनाथ-केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए गुजरात से पहुंचे 188 श्रद्धालु, गांधीनगर की महापौर मीरा पटेल ने उत्तराखंड सरकार और स्थानीय प्रशासन का जताया आभार

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 20 Sep, 2026 02:29 PM
चारधाम यात्रा में बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या, व्यवस्थाओं से संतुष्ट गुजरात के श्रद्धालु

देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के लिए देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। राज्य सरकार का कहना है कि यात्रियों की सुगम और सुरक्षित यात्रा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ और केदारनाथ धाम पहुंच रहे श्रद्धालुओं की ओर से भी यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर संतुष्टि व्यक्त की जा रही है। इसी क्रम में गुजरात के गांधीनगर नगर निगम की महापौर मीरा पटेल ने बदरीनाथ धाम में आयोजित तीन दिवसीय श्री महाविष्णु यज्ञ और इसके बाद केदारनाथ धाम के दर्शन के दौरान मिले सहयोग के लिए उत्तराखंड सरकार तथा स्थानीय प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।

मीरा पटेल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजे अपने आभार पत्र में बताया कि उनके परिवार की ओर से 6 से 8 सितंबर 2026 तक श्री बदरीनाथ धाम में तीन दिवसीय श्री महाविष्णु यज्ञ का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि यह धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। इसके बाद गुजरात से आए 188 श्रद्धालुओं के दल ने श्री केदारनाथ धाम के दर्शन भी किए।

महापौर के अनुसार, श्रद्धालुओं के इस दल में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक भी शामिल थे। ऐसे में दोनों धामों में दर्शन के दौरान उत्तराखंड सरकार, स्थानीय प्रशासन और संबंधित प्रबंधन की ओर से की गई व्यवस्थाओं के कारण श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से दर्शन का अवसर मिला।

‘अतिथि देवो भवः’ की भावना का अनुभव

मीरा पटेल ने अपने पत्र में कहा कि धार्मिक अनुष्ठान और यात्रा के दौरान उत्तराखंड सरकार तथा प्रशासन की ओर से मिला सहयोग राज्य की ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा और भावना को दर्शाता है। उन्होंने यात्रा के दौरान मिले सहयोग, आत्मीयता और व्यवस्थाओं के लिए राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन तथा संबंधित विभागों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार और प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयास महत्वपूर्ण हैं। साथ ही उन्होंने भगवान बदरी विशाल और बाबा केदार से उत्तराखंड की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर प्रगति की कामना की।

चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए राज्य सरकार की ओर से सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, दर्शन व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का जोर श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने पर है।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#CharDhamYatra #Uttarakhand #BadrinathDham #KedarnathDham #PushkarSinghDhami #UttarakhandGovernment #DevbhoomiUttarakhand


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

kitkat ad