देवप्रयाग के मेधावी विद्यार्थियों ने मुख्य सचिव से की मुलाकात, मिला सफलता का मंत्र

आनंद बर्द्धन ने विद्यार्थियों को तकनीक का सदुपयोग करने, नशे से दूर रहने और लक्ष्य पर फोकस बनाए रखने की दी सलाह

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 17 Sep, 2026 01:05 PM
देवप्रयाग के मेधावी विद्यार्थियों ने मुख्य सचिव से की मुलाकात, मिला सफलता का मंत्र

देहरादून। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के मेधावी एवं टॉपर विद्यार्थियों ने गुरुवार को सचिवालय में उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन से मुलाकात की। विधायक विनोद कंडारी के नेतृत्व में भारत भ्रमण पर निकले विद्यार्थियों से मुख्य सचिव ने संवाद किया और उन्हें शिक्षा, तकनीक, करियर तथा जीवन में सफलता को लेकर अपने अनुभव साझा किए।

मेहनत का कोई विकल्प नहीं, सफलता का शॉर्टकट नहीं

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने का कोई शॉर्टकट नहीं होता। लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत, लगन और अनुशासन जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह उनकी मेहनत का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि आज तकनीक तेजी से बदल रही है। ऐसे में विद्यार्थियों के लिए खुद को लगातार अपडेट रखना और तकनीकी रूप से सक्षम बनाना आवश्यक है। वर्तमान दौर में प्रतिस्पर्धा केवल अपने गांव, क्षेत्र या विधानसभा तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर के विद्यार्थियों के साथ है। ऐसे में विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानकर लगातार सीखने और खुद को बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए।

मोबाइल और तकनीक का करें सकारात्मक उपयोग

मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन और आधुनिक तकनीक के उपयोग को लेकर भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि तकनीक के अनेक फायदे हैं, लेकिन इसका गलत इस्तेमाल नुकसानदायक भी हो सकता है। विद्यार्थियों को तकनीक का सदुपयोग करते हुए इसके दुष्प्रभावों से बचना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि किसी परेशानी या गलती की स्थिति में माता-पिता और गुरुजनों से खुलकर बातचीत करें। उन्होंने बच्चों से महत्वपूर्ण बातें अपने माता-पिता से नहीं छिपाने की सलाह दी।

नशे से दूर रहने और सही मित्र चुनने की सलाह

आनंद बर्द्धन ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि कई बार युवा साथियों के दबाव में गलत आदतों की ओर बढ़ जाते हैं। इसलिए मित्रों का चयन सोच-समझकर करना चाहिए और किसी भी प्रकार के गलत दबाव में नहीं आना चाहिए।

उन्होंने पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों को अपनी रुचि के क्षेत्र में हॉबी विकसित करने की भी सलाह दी। संगीत, गायन, खेल या अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ना जीवन में संतुलन बनाए रखने और तनाव कम करने में सहायक हो सकता है।

लक्ष्य पर रखें पूरा फोकस

मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को निर्धारित करने के बाद उस पर पूरी एकाग्रता के साथ काम करना चाहिए। व्यक्ति अपनी मेहनत और लगन से परिस्थितियों को बदल सकता है।

उन्होंने कहा कि भारत भ्रमण विद्यार्थियों के लिए सीखने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस दौरान उन्हें विभिन्न स्थानों, संस्कृतियों और लोगों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से यात्रा के दौरान नई चीजें सीखने और इन अनुभवों को जीवनभर संजोकर रखने का आह्वान किया।

अन्य क्षेत्रों में भी ऐसी पहल की जरूरत

मुख्य सचिव ने विधायक विनोद कंडारी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल अन्य क्षेत्रों में भी शुरू की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार भी विद्यालयी एवं उच्च शिक्षा के छात्र-छात्राओं को भारत भ्रमण कराने की दिशा में प्रयास कर रही है।

इस अवसर पर विधायक विनोद कंडारी, सचिव डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, ज्योति यादव, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, अपर सचिव नमामि बंसल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी और देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#उत्तराखंड #देहरादून #देवप्रयाग #मुख्यसचिव #आनंदबर्द्धन #मेधावीविद्यार्थी #शिक्षा #उत्तराखंडसरकार


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2