अल्मोड़ा भाजपा ने सेवा संकल्प अभियान के तहत तैयार किया संगठन मजबूती का रोडमैप
अंत्योदय की भावना के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 6 Sep, 2026 05:27 PMअल्मोड़ा। भारतीय जनता पार्टी ने ‘सेवा ही संगठन’ और ‘अंत्योदय’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अल्मोड़ा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिला कार्यशाला का आयोजन किया। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यशाला में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यशाला में वक्ताओं ने कहा कि भाजपा के लिए संगठन की मजबूती के साथ जनसेवा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पार्टी कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं नीतियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें।
बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत और प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों तक पहुंच बनाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर सेवा और संगठन के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यशाला में भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी राजेंद्र बिष्ट, महापौर अजय वर्मा, प्रदेश मंत्री गौरव पाण्डेय, दर्जा मंत्री गोविन्द पिल्खवाल, वरिष्ठ नेता कुंदन लटवाल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पूर्व विधायक रघुनाथ चौहान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला, बिट्टू कर्नाटक, जिला महामंत्री प्रकाश भट्ट और दर्शन रावत सहित जिला पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यशाला के माध्यम से पार्टी ने सेवा, संगठन विस्तार और जनकल्याण को साथ लेकर आगे बढ़ने का संकल्प दोहराया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Almora #BJP #SevaSankalpAbhiyan #Uttarakhand #SevaHiSangathan #Antyodaya #BJPAlmora



No Previous Comments found.