विदेशों में रोजगार के लिए उत्तराखंड के युवाओं को मिलेगा कौशल और भाषा प्रशिक्षण: धामी
मुख्यमंत्री ने भारतीय मिशनों के साथ नियमित समन्वय के दिए निर्देश, वैश्विक रोजगार की मांग के अनुरूप युवाओं को तैयार करने पर जोर
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 31 Aug, 2026 03:35 PMदेहरादून। उत्तराखंड के युवाओं को वैश्विक स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने कौशल और भाषा प्रशिक्षण पर विशेष जोर देने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विदेशों में जिन क्षेत्रों में कुशल मानव संसाधन की अधिक मांग है, उनकी जानकारी संबंधित भारतीय मिशनों के साथ समन्वय कर जुटाई जाए और उसी के अनुरूप प्रदेश के युवाओं को प्रशिक्षित किया जाए।
सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी, इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम और जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने मुख्यमंत्री से भेंट की। इस दौरान तीनों देशों में रोजगार की संभावनाओं, कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता और उत्तराखंड के युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों और वहां की आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को आवश्यक कौशल के साथ भाषा का प्रशिक्षण भी दिया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न देशों में रोजगार की संभावनाओं और कुशल मानव संसाधन की मांग का आकलन कर युवाओं के प्रशिक्षण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
होम स्टे मॉडल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने होम स्टे के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। विभिन्न देशों से आने वाले प्रतिनिधिमंडलों को राज्य के होम स्टे मॉडल से परिचित कराने के लिए उन्हें होम स्टे का भ्रमण कराया जा सकता है। इससे उत्तराखंड के पर्यटन मॉडल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि फार्मा, उद्योग, आयुर्वेद और वेलनेस के क्षेत्र में भी उत्तराखंड में व्यापक संभावनाएं हैं। इन क्षेत्रों में राज्य की विशेषताओं और क्षमताओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए।
जाम्बिया में शिक्षा और कृषि क्षेत्र में अवसर
जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने बताया कि वहां कुशल मानव संसाधन की व्यापक आवश्यकता है। शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में उत्तराखंड के युवाओं के लिए कई अवसर उपलब्ध हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि जाम्बिया में आवश्यक कुशल मानव संसाधन से संबंधित क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी राज्य सरकार को उपलब्ध कराई जाएगी और हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
जमैका में नर्सिंग और पर्यटन क्षेत्र में मांग
जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी ने बताया कि पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा और कृषि के क्षेत्र में रोजगार की अच्छी संभावनाएं हैं। विशेष रूप से नर्सिंग क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन की मांग है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा सकता है।
इथियोपिया में प्रबंधन और लॉजिस्टिक्स के अवसर
इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम ने बताया कि वहां प्रबंधन और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं हैं। इसके अलावा फार्मास्युटिकल और फ्लोरीकल्चर के क्षेत्र में भी बेहतर अवसर उपलब्ध हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उत्तराखंड के युवाओं को मिले, इसके लिए संबंधित देशों की जरूरतों के अनुसार कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को भारतीय मिशनों के साथ समन्वय कर विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी युवाओं तक पहुंचाने और उन्हें आवश्यक कौशल व भाषा प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए सुनियोजित तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु और सचिव विनय शंकर पांडेय भी उपस्थित रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता



No Previous Comments found.