मुख्यमंत्री धामी ने पांच वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित विशेष एल्बम गीत का किया विमोचन

गीत-संगीत के माध्यम से उत्तराखंड की विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास सराहनीय : मुख्यमंत्री

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 26 Aug, 2026 01:43 PM
मुख्यमंत्री धामी ने पांच वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित विशेष एल्बम गीत का किया विमोचन

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में पंचवटी फिल्म्स प्रोडक्शन एवं आदर्श औद्योगिक स्वायत्त सहकारिता संस्था की ओर से तैयार विशेष एल्बम गीत का विमोचन किया। यह एल्बम मुख्यमंत्री के पांच वर्षों के कार्यकाल में राज्य में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एल्बम से जुड़े निर्माता-निर्देशक, गीतकार, संगीतकार, गायक और अन्य कलाकारों के साथ आदर्श संस्था के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा और राज्य में हो रहे सकारात्मक बदलावों को गीत-संगीत के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का यह प्रयास सराहनीय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए निरंतर काम कर रही है। रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने, पर्यटन को प्रोत्साहित करने, महिलाओं के सशक्तीकरण तथा युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और देवभूमि की विशिष्ट पहचान के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ विकास कार्यों को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

कार्यक्रम में आदर्श संस्था की अध्यक्ष आशा कोठारी ने मुख्यमंत्री का शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में हुए विकास कार्यों और जनहित में लिए गए विभिन्न निर्णयों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने एल्बम के निर्माता उत्तम सिंह भंडारी, गायक विक्रम भंडारी एवं शिवानी नेगी तथा संगीतकार विजयपाल कलूड़ा समेत एल्बम से जुड़े कलाकारों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम का संचालन संस्था के सचिव हरीश कोठारी ने किया। इस दौरान युवा मोर्चा पछवादून के जिलाध्यक्ष विनायक नौटियाल, प्रदीप दुग्गल, विजय असवाल, शोभित उनियाल, गिरीश भट्ट, लक्ष्मी नारायण नवानी, आदित्य नौटियाल, सहदेव सिंह बिष्ट, सपना जवाड़ी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#उत्तराखंड #PushkarSinghDhami #Uttarakhand #Dehradun #VikasYatra #मुख्यमंत्रीधामी #उत्तराखंडविकास


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2