मिलावट-जमाखोरी पर धामी सरकार का चाबुक, त्योहारों से पहले जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी

मुख्यमंत्री के निर्देश पर एक सप्ताह का विशेष अभियान; मंडलायुक्तों को निगरानी की जिम्मेदारी, खाद्य सामग्री से लेकर चीनी जमाखोरी और घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग तक जांच

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 24 Aug, 2026 11:21 PM
मिलावट-जमाखोरी पर धामी सरकार का चाबुक, त्योहारों से पहले जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी

देहरादून, 24 अगस्त। त्योहारों के सीजन में मिलावटखोरी और जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिलों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारियों को एक सप्ताह तक अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि मंडलायुक्तों को इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सोमवार को प्रदेशभर में जिला प्रशासन ने खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के साथ मिलकर व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, कई दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए और एक्सपायरी या सड़े-गले खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कराया गया। जांच टीमों ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता के साथ चीनी की जमाखोरी और घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल की भी पड़ताल की।

चमोली में तीन सैंपल, एक्सपायरी सामग्री पर नोटिस

चमोली में जांच टीम ने तीन खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे। एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री मिलने पर दो दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए और संबंधित सामग्री नष्ट कराई गई। दो कंपनियों की सामग्री पर लेबल, पैकेजिंग और लेबलिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। संबंधित निर्माताओं को भी नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

रुद्रप्रयाग में 12 दुकानों की जांच

रुद्रप्रयाग में टीम ने 12 दुकानों का निरीक्षण कर छह खाद्य नमूने लिए। छह दुकानों में एक्सपायरी डेट का सामान मिलने पर दुकानदारों को चेतावनी दी गई और सामग्री नष्ट कराई गई। अल्मोड़ा में दो मिठाइयों के नमूने लिए गए, जबकि बागेश्वर में आठ प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर तीन सैंपल लिए गए। पिथौरागढ़ में भी दो खाद्य नमूने लिए गए।

चंपावत में एक अगस्त से अभियान

चंपावत में जांच अभियान एक अगस्त से जारी है। अब तक 21 स्थानों का निरीक्षण किया जा चुका है। इनमें 10 स्थानों से नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जबकि सर्वे के लिए तीन अन्य नमूने लिए गए हैं।

देहरादून में 70 प्रतिष्ठानों की जांच

देहरादून में सोमवार को चलाए गए अभियान के दौरान 11 खाद्य नमूने एकत्र किए गए। तीन प्रतिष्ठानों को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए चेतावनी दी गई। जिले में एक अगस्त से अब तक 70 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 48 नमूने लिए जा चुके हैं। सर्वे के लिए 20 नमूने अलग से लिए गए हैं। 11 दुकानदारों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। इसके अलावा एडीएम कोर्ट में चार वाद दर्ज कराए गए हैं।

हरिद्वार में 47 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण

हरिद्वार में 17 अगस्त से अभियान चल रहा है। अब तक 47 व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 27 खाद्य नमूने लिए गए हैं। 10 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। विभिन्न न्यायालयों में चार मामले भी दर्ज कराए गए हैं।

पौड़ी, नैनीताल और टिहरी में भी कार्रवाई

पौड़ी में सोमवार को 10 नमूने लिए गए, जिनमें से छह को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। धारा 36 के तहत एक वाद स्वीकृत किया गया है।

नैनीताल में 10 दुकानों का निरीक्षण कर छह नमूने लिए गए और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। एक नमूना सर्वे के लिए भी लिया गया। एक प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर नोटिस जारी किया गया, जबकि मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई 10 किलो मिठाई नष्ट कराई गई।

टिहरी में सात व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर छह नमूने एकत्र किए गए। उत्तरकाशी में 15 स्थानों पर निरीक्षण किया गया और चार नमूने लिए गए। बिना लाइसेंस खाद्य सामग्री बेचने के एक मामले में नोटिस जारी किया गया।

त्योहारों में मिलावट पर सरकार की सख्ती

सरकार के इस विशेष अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजार में बिकने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं को मिलावटी, एक्सपायरी अथवा मानकों के विपरीत खाद्य पदार्थों से बचाना है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिलों में लगातार निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों को अभियान के दौरान मिली अनियमितताओं पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2