युवा आयोग युवाओं के सर्वांगीण विकास का मंच, कांग्रेस राजनीति से बाज आए: चौहान
पौड़ी, चमोली और अल्मोड़ा में औद्योगिक पार्क से पहाड़ में रोजगार के अवसर बढ़ाने का दावा; अंकिता भंडारी प्रकरण पर भी कांग्रेस को घेरा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 18 Aug, 2026 08:21 PMदेहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने युवा आयोग के गठन को युवाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कांग्रेस पर युवाओं के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर पलटवार करते हुए चौहान ने कहा कि युवा आयोग शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और स्वरोजगार से जुड़े युवाओं के मुद्दों और सुझावों को सरकार तक पहुंचाने के लिए स्थायी मंच के रूप में काम करेगा।
चौहान ने कहा कि सरकार ने युवाओं के भविष्य और प्रदेश के समग्र विकास को प्राथमिकता में रखा है। आयोग के माध्यम से युवाओं की समस्याओं, सुझावों और प्राथमिकताओं को सरकार तक पहुंचाने के साथ उनकी प्रतिभा और क्षमता को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने इसे युवाओं की आवाज को संस्थागत मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
पहाड़ में रोजगार बढ़ाने पर सरकार का जोर
भाजपा नेता ने कहा कि पलायन की समस्या का स्थायी समाधान पहाड़ों में ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा करने से संभव है। इसी उद्देश्य से पौड़ी, चमोली और अल्मोड़ा में तीन नए औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। उनके अनुसार इन क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं को रोजगार और उद्यमिता के अवसरों में प्राथमिकता देने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार से पर्वतीय क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और युवाओं को रोजगार के लिए मैदानी क्षेत्रों अथवा प्रदेश से बाहर जाने के बजाय अपने क्षेत्र में अवसर मिल सकेंगे।
10 हजार मेधावी छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की ऑनलाइन कोचिंग
चौहान ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ के तहत सरकारी स्कूलों की कक्षा 11 और 12 के 10 हजार मेधावी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। इसके लिए 7 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किए जाने की बात उन्होंने कही।
उन्होंने कहा कि इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा। सरकार युवाओं को केवल रोजगार पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में भी काम कर रही है।
प्रशिक्षण से लेकर उद्यम शुरू करने तक मदद का दावा
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा कि 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं में स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए IIT और IIM जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के माध्यम से प्रशिक्षण तथा नए उद्यम की शुरुआत के लिए बैंक ऋण पर 30 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने दावा किया कि धामी सरकार के कार्यकाल में करीब 50 हजार सरकारी नौकरियों की दिशा में काम हुआ है और बड़ी संख्या में युवा एवं आम लोग विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं से लाभान्वित हुए हैं।
चौहान ने कहा कि युवाओं की मांग को देखते हुए सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में नकल और अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए कड़ा नकल विरोधी कानून बनाया। भर्ती घोटालों की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
अंकिता भंडारी प्रकरण पर कांग्रेस को घेरा
मनवीर सिंह चौहान ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संवेदनशील घटना को बार-बार राजनीतिक आरोपों का माध्यम बनाना अवसरवादी राजनीति है। कांग्रेस को भावनात्मक बयानबाजी के बजाय यह स्पष्ट करना चाहिए कि मामले में अब तक हुई कानूनी और न्यायिक कार्रवाई के बाद वह क्या नया करना चाहती है।
चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुरुआत से ही अंकिता भंडारी के परिवार के साथ खड़े रहे और परिवार की मांगों को गंभीरता से लिया। उनके अनुसार, परिवार की ओर से CBI जांच की मांग किए जाने पर राज्य सरकार ने CBI जांच की सिफारिश की थी।
उन्होंने इसे सरकार की संवेदनशीलता और मामले में पारदर्शी जांच के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।
‘युवाओं पर राजनीति से कांग्रेस को कुछ हासिल नहीं होगा’
चौहान ने कहा कि युवाओं के मुद्दे पर कांग्रेस की राजनीति से उसे कोई राजनीतिक लाभ नहीं मिलने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी प्रकरण पर भी कांग्रेस अवसरवादी राजनीति कर रही है।
उन्होंने कहा कि आरोप और दुष्प्रचार के जरिए कांग्रेस सत्ता में वापसी का जो सपना देख रही है, वह साकार नहीं होने वाला है।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#उत्तराखंड #मनवीरसिंहचौहान #भाजपा #युवाआयोग #पलायन #रोजगार #स्वरोजगार #अंकिताभंडारी #पुष्करसिंहधामी #Uttarakhand



No Previous Comments found.