पीपलकोटी टनल हादसा: श्रमिकों की सुरक्षा और हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता- मदन कौशिक
आपदा प्रबंधन मंत्री ने श्रमिक प्रतिनिधिमंडल से की मुलाकात, आर्थिक सहायता, निःशुल्क उपचार, दीर्घकालिक आजीविका और हादसे की निष्पक्ष जांच की मांगों पर सुनी बात
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 15 Aug, 2026 08:46 PMचमोली, 15 अगस्त 2026। चमोली के मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद राज्य सरकार प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटी है। इसी क्रम में आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने शनिवार को हाट-सियासैण, मायापुर स्थित टनल में कार्यरत हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी ई लिमिटेड, विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना के श्रमिक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की।
मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल से बातचीत कर हादसे के बाद श्रमिकों और उनके परिवारों के सामने उत्पन्न परिस्थितियों, समस्याओं और मांगों की जानकारी ली। श्रमिक प्रतिनिधियों ने प्रभावित परिवारों के लिए उचित आर्थिक सहायता के साथ दीर्घकालिक राहत और आजीविका की व्यवस्था किए जाने की मांग रखी।
आर्थिक सहायता और निःशुल्क उपचार की मांग
श्रमिक प्रतिनिधिमंडल ने घायल श्रमिकों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ उनके निःशुल्क उपचार की व्यवस्था करने की मांग की। इसके अलावा प्रभावित परिवारों की दीर्घकालिक आजीविका सुनिश्चित करने और टनल हादसे की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग भी मंत्री के समक्ष रखी गई।
मदन कौशिक ने श्रमिकों की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा तथा उनके हित राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हादसे से प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
राहत-बचाव के साथ प्रभावित परिवारों पर भी फोकस
आपदा प्रबंधन मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से श्रमिकों की ओर से रखी गई मांगों और प्रभावित परिवारों के लिए वर्तमान में की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है और इसके साथ ही प्रभावित श्रमिकों एवं उनके परिजनों की आवश्यकताओं का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायल श्रमिकों के उपचार, प्रभावित परिवारों के साथ समन्वय और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहनी चाहिए। सरकार की ओर से प्रभावितों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
प्रशासन और टीएचडीसी के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक के दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, भाजपा महामंत्री विनोद कनवासी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, टीएचडीसी के अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी और श्रमिक प्रतिनिधिमंडल के सदस्य मौजूद रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Chamoli #Peepalkoti #THDC #TunnelAccident #MadanKaushik #RescueOperation #UttarakhandNews #WorkersSafety #Uttarakhand



No Previous Comments found.