उत्तराखंड की आपदा प्रबंधन व्यवस्था होगी और मजबूत, सीएम धामी ने आईआरएस पुस्तिका और राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का किया विमोचन
आपदा के दौरान त्वरित निर्णय, बेहतर समन्वय और प्रभावी राहत-बचाव कार्यों को मिलेगी गति
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 27 Nov, 2026 09:46 PMदेहरादून। उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री ने आज घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका तथा उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (एसडीएमपी) 2026-27 का विमोचन किया। इन दोनों दस्तावेजों के माध्यम से राज्य में आपदा के दौरान त्वरित कार्रवाई, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और राहत एवं बचाव कार्यों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।
आईआरएस पुस्तिका में आपदा की स्थिति में विभिन्न अधिकारियों और विभागों की भूमिका, जिम्मेदारियों तथा उनके बीच आपसी समन्वय की व्यवस्था को स्पष्ट किया गया है। इसका उद्देश्य आपदा के समय जिम्मेदारियों को लेकर किसी प्रकार की असमंजस की स्थिति को दूर करना और सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करना है। इससे राज्य से लेकर स्थानीय स्तर तक आपदा प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत करने के साथ ही त्वरित निर्णय लेने और राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में सहायता मिलेगी।
वहीं, उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (एसडीएमपी) 2026-27 में राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों और विभिन्न प्रकार की आपदाओं से जुड़ी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। इसमें आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व तैयारी, चेतावनी प्रणाली, आपदा के दौरान प्रतिक्रिया, राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को समग्र रूप से शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड जैसे आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य में प्रभावी तैयारी, बेहतर समन्वय और समयबद्ध कार्रवाई बेहद महत्वपूर्ण है। आपदा के समय प्रत्येक विभाग और संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी स्पष्ट होनी चाहिए, ताकि संकट की स्थिति में बिना किसी देरी के आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि आईआरएस पुस्तिका और राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 प्रदेश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, समन्वित और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इन दस्तावेजों से आपदाओं से निपटने की तैयारियों को बेहतर बनाने और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।


No Previous Comments found.