सीएम धामी ने सुनीं प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 25 Nov, 2026 03:46 PMदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्यसेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि संबंधी प्रकरणों, आर्थिक सहायता, पेंशन और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं।
जनसमस्याओं के समाधान में अधिकारियों की जवाबदेही होगी तय
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित विभागों के माध्यम से शिकायतों का यथाशीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि अधिकारी आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करें। लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के साथ ही दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान और पात्र व्यक्तियों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
‘धन्य धन्य धामी जी’ गीत और पोस्टर का विमोचन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘धन्य धन्य धामी जी’ गीत और उसके पोस्टर का भी विमोचन किया। गीत को निर्मल अनुरागी और अंजलि अनुरागी ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसका संगीत निर्देशन रणजीत सिंह ने किया है।


No Previous Comments found.