लोकसंस्कृति हमारी पहचान और अमूल्य धरोहर, इसके संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की : मुख्यमंत्री धामी

लोकथात महोत्सव के समापन पर सीएम धामी ने लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा को दी श्रद्धांजलि, बोले– लोकसंस्कृति हमारी पहचान और अमूल्य धरोहर, इसके संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 23 Nov, 2026 07:35 PM
लोकसंस्कृति हमारी पहचान और अमूल्य धरोहर, इसके संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की : मुख्यमंत्री धामी

बिन्दुखत्ता (नैनीताल), 23 नवंबर। उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, लोकगीतों और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नैनीताल जनपद के बिन्दुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को बड़ी सौगात देते हुए बिन्दुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों की बैठक क्षमता वाले सांस्कृतिक सभागार के निर्माण की घोषणा की। साथ ही महान लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में विद्यालय, स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्य कराने की भी घोषणा की।

जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति की ओर से आयोजित महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने महान लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति, लोककला और सामाजिक चेतना को समृद्ध बनाने में उनके योगदान को याद किया।

लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा के गीतों में जीवंत है पहाड़ का जनजीवन

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा केवल एक लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ के कठिन जनजीवन, मातृशक्ति के संघर्ष, युवाओं की भावनाओं और सामाजिक चेतना की सशक्त अभिव्यक्ति देखने को मिलती है। उन्होंने अपनी गायकी के माध्यम से समाज को जागरूक करने के साथ लोगों को अपनी जन्मभूमि, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उनके चर्चित गीत ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ और ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले गीत के माध्यम से स्व. मेहरा ने बेटियों के सम्मान और उनके जीवन के अधिकार का संदेश दिया, जबकि दूसरे गीत में अपनी जन्मभूमि के प्रति उनका गहरा प्रेम और जुड़ाव दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही होती है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला और रचनाएं समाज को प्रेरित करती रहें। स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा ने अपनी लोकगायकी के माध्यम से यही स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री ने उनकी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए परिजनों और प्रशंसकों के प्रयासों की भी सराहना की।

नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हैं लोक महोत्सव

मुख्यमंत्री ने लोकथात महोत्सव के आयोजन के लिए जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति को बधाई देते हुए कहा कि लोकथात हमारी लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे आयोजन लोकभाषाओं, लोकगीतों, लोकसंगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का माध्यम बनते हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान केवल प्राकृतिक सुंदरता तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की समृद्ध लोकसंस्कृति, लोकभाषाएं और परंपराएं भी प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। आधुनिकता के इस दौर में अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जो समाज अपनी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखता है, उसकी जड़ें हमेशा मजबूत बनी रहती हैं।

‘विकास भी और विरासत भी’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा उत्तराखण्ड

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘विकास भी और विरासत भी’ के संकल्प के साथ काम कर रही है। प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहरों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में विकास कार्यों के साथ मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत ऐतिहासिक एवं पौराणिक मंदिरों के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, जनकल्याण और प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और सख्त भू-कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए भी प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

लालकुआं विधानसभा क्षेत्र को विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि शेरनाला पर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण किया गया है। विजयपुर-गौलापार क्षेत्र में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य शुरू किया गया है। इसके अलावा सूर्यानाला और लालकुआं नगर की रेलवे क्रॉसिंग पर पुल निर्माण की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि बिन्दुखत्ता क्षेत्र में लंबे समय से विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से विद्युतीकरण के कार्य कराए जा रहे हैं। इसके तहत नए विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनों की स्थापना की जा रही है। लालकुआं क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगभग 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, हल्दूचौड़ स्थित राजकीय महाविद्यालय का स्नातकोत्तर स्तर पर उच्चीकरण किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि गौला और नंधौर नदियों से होने वाले भू-कटाव को रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं। वन क्षेत्रों से लगे गांवों में वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए सौर ऊर्जा आधारित तारबाड़ लगाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने के लिए केंद्र से संवाद जारी

बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने के लंबे समय से लंबित विषय पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी अपेक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण मामला है। राज्य सरकार इस संबंध में आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और भारत सरकार के साथ लगातार संवाद भी किया जा रहा है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने वनाधिकार समिति, बिन्दुखत्ता के प्रतिनिधियों से भी इस विषय पर चर्चा की और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विकास का अर्थ केवल नई परियोजनाओं का निर्माण करना नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही जनसमस्याओं का समाधान करना भी है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हो और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानु को सम्मानित किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेन्द्र सिंह कोश्यारी, भाजपा जिलाध्यक्ष नैनीताल प्रताप सिंह बिष्ट, दायित्वधारी शंकर कोरंगा, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी., लोक कलाकार कमल मेहरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कलाकार और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.