हरिद्वार की सफल कार्यसमिति ने दिखाई भाजपा की संगठनात्मक एकजुटता और कार्यकर्ताओं की ताकत : कुंदन परिहार
890 प्रतिनिधियों की सहभागिता से सफल रहा दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति का आयोजन, भाजपा ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बनाई रणनीति
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 23 Nov, 2026 06:31 PMदेहरादून। हरिद्वार में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक ने पार्टी की संगठनात्मक एकजुटता, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की सामूहिक शक्ति का परिचय दिया है। प्रदेशभर से करीब 890 प्रतिनिधियों की सहभागिता वाले इस व्यापक आयोजन की सफलता पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया है। वहीं, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि कार्यकर्ताओं के समर्पण, अथक परिश्रम और बेहतर समन्वय ने हरिद्वार प्रदेश कार्यसमिति को यादगार और सफल बनाया है।
प्रदेश कार्यसमिति संपन्न होने के बाद भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए कुंदन परिहार ने कहा कि हरिद्वार में आयोजित दो दिवसीय बैठक की सफलता संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी का परिणाम है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 890 प्रतिनिधियों की सहभागिता से यह आयोजन व्यापक स्वरूप ले सका। बैठक की व्यवस्थाओं से लेकर विभिन्न सत्रों के सफल संचालन तक कार्यकर्ताओं ने पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा की वास्तविक ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है, जो संगठन की ओर से सौंपी गई प्रत्येक जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाता है। हरिद्वार में आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय कार्यकर्ताओं, जिला संगठन, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों तथा प्रदेशभर से पहुंचे पदाधिकारियों की भूमिका सराहनीय रही।
हरिद्वार की पावन धरती पर हुआ संगठनात्मक मंथन
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यसमिति की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के हरिद्वार में प्रदेश कार्यसमिति का आयोजन विशेष महत्व रखता है। हरिद्वार आध्यात्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा का प्रवेश द्वार भी है। ऐसी पावन धरा पर प्रदेशभर के संगठनात्मक प्रतिनिधियों का एकत्रित होकर भविष्य की कार्ययोजना पर मंथन करना संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर रहा।
उन्होंने आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि इस बैठक ने संगठन की एकजुटता, अनुशासन और सामूहिक संकल्प को और मजबूती प्रदान की है।
राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन ने बढ़ाया कार्यकर्ताओं का उत्साह
कुंदन परिहार ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के प्रति उनका आत्मीय संबोधन और मार्गदर्शन सभी के लिए प्रेरणादायी रहा। उन्होंने उत्तराखंड में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का विश्वास व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं से पिछले चुनावों से भी बड़े जनादेश के लिए जुटने का आह्वान किया।
परिहार ने कहा कि वरिष्ठ नेतृत्व का यह विश्वास कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी को और बढ़ाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय तथा मुख्यमंत्री की सक्रिय सहभागिता ने कार्यसमिति के विमर्श को महत्वपूर्ण आधार प्रदान किया।
इसके साथ ही प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज सहित केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन को भी उन्होंने बैठक की सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया।
2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर हुआ व्यापक मंथन
प्रदेश महामंत्री ने बताया कि दो दिवसीय कार्यसमिति में संगठन की अब तक की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों, संगठनात्मक विस्तार, जनसंपर्क अभियानों और विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के विभिन्न सत्रों में बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने, कार्यकर्ताओं की भूमिका मजबूत करने और संगठन की भावी कार्ययोजना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। इसके अलावा राजनीतिक एवं आर्थिक प्रस्तावों के माध्यम से प्रदेश के विकास, सरकार की उपलब्धियों और संगठन की आगामी जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि कार्यसमिति में प्राप्त मार्गदर्शन और निर्धारित कार्ययोजनाएं आने वाले समय में प्रदेशभर में भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा प्रदान करेंगी।
बूथ स्तर तक तेज होंगी संगठनात्मक गतिविधियां
कुंदन परिहार ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन की जिम्मेदारी और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। कार्यसमिति का उद्देश्य केवल पिछले कार्यों की समीक्षा करना नहीं, बल्कि भविष्य की चुनौतियों और चुनावी जिम्मेदारियों के अनुरूप संगठन को तैयार करना भी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले, विधानसभा क्षेत्र और बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को गति दी जाएगी। सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका निर्णायक होगी।
अंत में कुंदन परिहार ने कहा कि हरिद्वार की सफल प्रदेश कार्यसमिति का श्रेय किसी एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे संगठन के सामूहिक परिश्रम और समर्पण को जाता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरिद्वार से संगठन की एकजुटता और आगामी विधानसभा चुनाव का संकल्प पूरे प्रदेश में पहुंचेगा।


No Previous Comments found.