स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के हुनर को मिला नया मंच, चिन्यालीसौड़ में खुला ‘हिमालयन भोजनालय’
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने नगुण बैरियर के पास वे-साइड ईटरी का किया उद्घाटन, रीप परियोजना के सहयोग से महिलाएं बन रहीं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 20 Nov, 2026 06:25 PMचिन्यालीसौड़, 20 नवंबर। उत्तराखंड में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार की पहल रंग ला रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने उत्तरकाशी जनपद के विकासखंड चिन्यालीसौड़ में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगुण बैरियर के समीप रीप (ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना) के अंतर्गत स्थापित वे-साइड ईटरी का उद्घाटन किया। सीता स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित इस केंद्र को ‘हिमालयन भोजनालय’ नाम दिया गया है।
उद्घाटन के अवसर पर मुख्य सचिव ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर उनके व्यवसाय, आमदनी और उद्यम के संचालन से जुड़ी जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि भोजनालय गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के कारण यहां से गुजरने वाले यात्रियों और वाहन चालकों को बड़ी संख्या में रुकने का अवसर मिलता है। नगुण पुलिस बैरियर के पास वाहनों के रुकने से भोजनालय में यात्रियों की आवाजाही बनी रहती है। वहीं, समीप स्थित पार्क में शाम के समय टहलने आने वाले स्थानीय लोग भी यहां भोजन और स्नैक्स का आनंद लेते हैं। इससे समूह की महिलाओं को नियमित आमदनी हो रही है।
रीप परियोजना के सहयोग से शुरू हुआ महिलाओं का उद्यम
समूह की महिलाओं ने बताया कि रीप परियोजना के सहयोग से उन्हें भोजनालय स्थापित करने में मदद मिली। परियोजना के माध्यम से मार्गदर्शन और सहयोग के साथ बैंक ऋण भी उपलब्ध कराया गया, जिससे वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकीं। अब भोजनालय में सामान्य दिनों के अलावा बड़े आयोजनों और विशेष अवसरों के लिए भी भोजन के ऑर्डर मिल रहे हैं। समूह की महिलाएं मांग के अनुसार इन ऑर्डर को पूरा कर अपनी आय बढ़ा रही हैं।
महिलाओं ने इस पहल के लिए राज्य सरकार और रीप परियोजना का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस उद्यम ने उन्हें रोजगार के साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। अब वे स्वयं व्यवसाय का संचालन कर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे रही हैं।
प्रदेशभर में विकसित हो रही हैं ‘हिमालयन भोजनालय’ इकाइयां
परियोजना प्रबंधक रीप ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में इस तरह की वे-साइड ईटरी विकसित की जा रही हैं। इन सभी केंद्रों को एक समान पहचान देने के उद्देश्य से ‘हिमालयन भोजनालय’ नाम से संचालित किया जा रहा है।
इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख पर्यटन मार्गों से गुजरने वाले यात्रियों को स्थानीय एवं पारंपरिक उत्तराखंडी भोजन उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आजीविका के स्थायी अवसर विकसित करना भी प्रमुख लक्ष्य है। जिला प्रशासन की ओर से भी ऐसे रोजगारपरक मॉडल को प्रोत्साहित करने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने में सहयोग किया जा रहा है।
महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता राज्य सरकार की प्राथमिकता : मुख्य सचिव
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे अपनी आजीविका का विस्तार कर सकें और आर्थिक रूप से मजबूत बनें।
उन्होंने कहा कि ‘हिमालयन भोजनालय’ जैसी पहल स्थानीय संसाधनों और महिला समूहों की उद्यमशीलता को एक साथ जोड़ती है। इससे महिलाओं को रोजगार मिलने के साथ ही स्थानीय भोजन और पारंपरिक खानपान को भी पहचान मिल रही है।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, मुख्य विकास अधिकारी राहुल आनंद, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, डीपीएम रीप कपिल उपाध्याय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और सीता स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।


No Previous Comments found.