वन विभाग की परियोजनाओं को आत्मनिर्भर और राजस्व अर्जन का मजबूत माध्यम बनाया जाए: आर.के. सुधांशु
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 18 Nov, 2026 08:28 PMदेहरादून। उत्तराखंड में वन विभाग की राजस्व अर्जन से जुड़ी परियोजनाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और दीर्घकालिक रूप से टिकाऊ बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु की अध्यक्षता में फॉटो इको टूरिज्म जोन, तराई पश्चिमी वन प्रभाग सहित वन विभाग की विभिन्न राजस्व अर्जन गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजनाओं के संचालन, निर्धारित शुल्क, राजस्व प्राप्ति और भविष्य में आय बढ़ाने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी राजस्व अर्जन परियोजनाओं की योजना इस तरह तैयार की जाए कि उनकी स्थापना और संचालन की लागत न्यूनतम रहे तथा उनसे अधिकतम राजस्व प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि परियोजनाएं केवल शुरुआती स्तर पर ही नहीं, बल्कि दीर्घकालिक दृष्टिकोण से भी आत्मनिर्भर और टिकाऊ होनी चाहिए, ताकि वे अपने संसाधनों से संचालित होकर सरकार के लिए निरंतर आय का माध्यम बन सकें।
परियोजनाओं की मंजूरी से पहले वित्तीय व्यवहार्यता की होगी जांच
प्रमुख सचिव ने बड़े प्रोजेक्ट्स की योजना और प्रस्तावों को स्वीकृति देने से पहले उनकी विस्तृत जांच (स्क्रूटनी) सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं की वित्तीय व्यवहार्यता, अनुमानित लागत, संभावित आय और दीर्घकालिक लाभ का समुचित आकलन जरूरी है। इसके लिए परियोजना अनुमोदन समिति में वित्तीय विशेषज्ञ को अनिवार्य रूप से सदस्य बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, निवेश की जाने वाली धनराशि का पारदर्शी और प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
फॉटो रेंज और चुना खान परियोजनाओं के संचालन में होगा सुधार
बैठक में वन विभाग की फॉटो रेंज और चुना खान परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। प्रमुख सचिव ने इनके संचालन को अधिक व्यवस्थित, प्रभावी और आर्थिक रूप से टिकाऊ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने हाउसकीपिंग, साफ-सफाई और अन्य सहायक व्यवस्थाओं के संचालन के लिए आउटसोर्सिंग एजेंसी की संभावनाओं का परीक्षण करने को कहा।
इसके साथ ही परियोजनाओं के बेहतर संचालन, रखरखाव, संसाधनों के उचित उपयोग और नियमित राजस्व अर्जन के लिए विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने के निर्देश दिए गए।
दो सप्ताह में प्रस्तुत करनी होगी विस्तृत कार्ययोजना
प्रमुख सचिव ने संबंधित अधिकारियों को दोनों परियोजनाओं के संचालन और दीर्घकालिक स्थायित्व से जुड़ी संपूर्ण कार्ययोजना एवं एसओपी तैयार कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत प्रस्तुतीकरण देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वन विभाग की परियोजनाओं का उद्देश्य केवल पर्यटन गतिविधियों का संचालन करना नहीं होना चाहिए, बल्कि प्राकृतिक एवं विभागीय संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए पर्यावरण संरक्षण, गुणवत्तापूर्ण पर्यटक सुविधाओं और निरंतर राजस्व अर्जन के बीच संतुलन स्थापित करना भी जरूरी है।
बैठक में अपर प्रमुख वन संरक्षक डॉ. सुरेंद्र मेहरा, मुख्य वन संरक्षक (इको टूरिज्म) पी.के. पात्रो, नीतीश मणि त्रिपाठी सहित वन विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
#Uttarakhand #ForestDepartment #EcoTourism #RKSudhanshu #RevenueGeneration #ForestTourism #UttarakhandNews #Dehradun #YugvartaNews


No Previous Comments found.