हरिद्वार की विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति से भाजपा करेगी चुनावी शंखनाद, तीसरी बार सरकार बनाने की तैयारी तेज

अरविंद मेनन बोले- कार्यसमिति से निकली जीत की गूंज प्रदेशभर में सुनाई देगी, सभी 70 विधानसभा सीटों पर जीत के लिए जुटें कार्यकर्ता

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 16 Nov, 2026 08:33 PM
हरिद्वार की विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति से भाजपा करेगी चुनावी शंखनाद, तीसरी बार सरकार बनाने की तैयारी तेज

देहरादून, 16 नवंबर। उत्तराखण्ड में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक और चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में हरिद्वार में आयोजित होने वाली विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति को भाजपा चुनावी अभियान के शंखनाद के रूप में देख रही है। पार्टी का दावा है कि इस कार्यसमिति से तैयार होने वाली रणनीति की गूंज प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों तक सुनाई देगी। सोमवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में कार्यसमिति की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट तथा प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में दो दिवसीय विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति के कार्यक्रमों, व्यवस्थाओं और संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान पहले दिन आयोजित होने वाली संयुक्त मोर्चों एवं प्रकोष्ठों की बैठक को लेकर उनके प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्रियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। वहीं दूसरे दिन होने वाली विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति में अपेक्षित पदाधिकारियों, विधायकों, दायित्वधारियों तथा निकाय एवं पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधियों तक कार्यक्रम से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को जुटना होगा : अरविंद मेनन

बैठक को संबोधित करते हुए अरविंद मेनन ने कहा कि उत्तराखण्ड में भाजपा की सरकार ने राज्य निर्माण के बाद से विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को कार्यकर्ताओं को घर-घर तक पहुंचाना होगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य उत्तराखण्ड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाना है, ताकि प्रदेश और देश को विकसित बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाया जा सके। विधानसभा चुनाव में पार्टी की ओर से 70 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे, लेकिन उनकी जीत सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की होगी।

मेनन ने कार्यकर्ताओं से समर्पण, संवाद, सहयोग और संपर्क के मंत्र के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति से भाजपा की चुनावी रणनीति को नई दिशा मिलेगी और यहां से निकली जीत की गूंज पूरे प्रदेश में सुनाई देगी।

राजनाथ सिंह का मार्गदर्शन भाजपा की जीत को बनाएगा और प्रबल : महेंद्र भट्ट

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पिछले लगभग पांच वर्षों में प्रदेश सरकार ने विकास और जनकल्याण के अनेक कार्य किए हैं। अब आने वाले तीन महीने इन उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश का माहौल भाजपा के अनुकूल होने के बावजूद किसी भी राजनीतिक चुनौती को हल्के में नहीं लेना चाहिए।

भट्ट ने कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि विपक्षी दल एकजुट होकर भाजपा के सामने चुनौती पेश कर सकते हैं। ऐसे में संगठन को पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में उतरना होगा। प्रदेश कार्यसमिति, जनसभाओं, बैठकों और रैलियों के माध्यम से प्रदेश में संगठनात्मक सक्रियता और जनसंपर्क को और व्यापक बनाने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का मार्गदर्शन प्राप्त होगा, जो पार्टी की चुनावी रणनीति और जीत की संभावनाओं को और अधिक प्रबल बनाएगा।

बूथ सशक्तिकरण अभियान को शक्ति केंद्र स्तर तक पहुंचाने के निर्देश

प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने बैठक में विभिन्न मोर्चों के कार्यक्रमों की समीक्षा की और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहले से संचालित बूथ सशक्तिकरण अभियान को शक्ति केंद्र स्तर पर शीघ्र पूर्णता की ओर ले जाया जाए।

उन्होंने विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को चुनावी दृष्टिकोण से प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया।

संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और जिला नेतृत्व रहा मौजूद

बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत और तरुण बंसल ने भी विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन दिया।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद, प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, दायित्वधारी ज्योति प्रसाद गैरोला, प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान एवं नेहा जोशी, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत और प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान सहित देहरादून महानगर, देहरादून ग्रामीण, हरिद्वार और ऋषिकेश में निवासरत प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं सह प्रभारी उपस्थित रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#UttarakhandPolitics #BJPUttarakhand #MahendraBhatt #ArvindMenon #RajnathSingh #PushkarSinghDhami #BJP #UttarakhandNews #Yugvarta


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.