उत्तराखण्ड भाजपा में कांग्रेस नेताओं, जनप्रतिनिधियों और पूर्व सैनिकों की बड़ी जॉइनिंग, महेंद्र भट्ट ने दिलाई सदस्यता
पौड़ी और चौबट्टाखाल क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने थामा भाजपा का दामन, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की मौजूदगी में हुआ सदस्यता कार्यक्रम
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 16 Nov, 2026 08:31 PMदेहरादून, 16 नवंबर। उत्तराखण्ड में भाजपा ने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पूर्व सैनिकों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की मौजूदगी में सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया गया।
इस दौरान पौड़ी जनपद और विशेष रूप से चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र से आए सैकड़ों लोगों ने भाजपा की विचारधारा और सिद्धांतों में विश्वास जताते हुए पार्टी का दामन थामा। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने नवागंतुकों को पार्टी का पटका पहनाकर और फूलमालाओं से स्वागत कर औपचारिक रूप से सदस्यता दिलाई।
विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प से जुड़ रहे लोग : महेंद्र भट्ट
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रदेश में विकास और जनकल्याण के कार्यों से भाजपा के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने उत्तराखण्ड में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास के साथ विरासत के मूलमंत्र पर आगे बढ़ रही है। आज उत्तराखण्ड देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। प्रदेशवासियों का संकल्प है कि वर्ष 2047 में देश के विकसित राष्ट्र बनने से पहले उत्तराखण्ड को विकसित राज्य बनाया जाए। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए भाजपा सरकार मिशन मोड में कार्य कर रही है।
भट्ट ने कहा कि विकसित उत्तराखण्ड के इस अभियान में प्रदेश का प्रत्येक जागरूक नागरिक अपनी भूमिका निभा रहा है। बड़ी संख्या में राजनीतिक और सामाजिक पृष्ठभूमि से जुड़े लोग भाजपा की विचारधारा और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में लगातार हो रही जॉइनिंग प्रदेश में भाजपा के प्रति बढ़ते जनसमर्थन को दर्शाती है।
अब विधानसभा स्तर पर चलाया जाएगा जॉइनिंग अभियान
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा में शामिल होने वाले लोगों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब पार्टी जॉइनिंग अभियान को विधानसभा स्तर तक ले जाएगी। आगामी चुनावी गतिविधियों के मद्देनजर विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सदस्यता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ा जा सके।
युवा कांग्रेस पदाधिकारियों से लेकर पूर्व सैनिकों तक ने ली सदस्यता
भाजपा में शामिल होने वालों में कई निर्वाचित जनप्रतिनिधि, युवा कांग्रेस के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, सेवानिवृत्त अधिकारी और पूर्व सैनिक शामिल रहे।
प्रमुख रूप से क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं युवा कांग्रेस महामंत्री ऋतिक नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष कुलदीप सजवान और वेदीखाल के छात्रसंघ अध्यक्ष शुभम रावत ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
इसके अलावा कांग्रेस कार्यकर्ता आशीष कुमार, प्रदीप कुमार, यतीश कुमार और राधा कृष्ण कुकरेती, सेवानिवृत्त इंजीनियर सत्य प्रकाश कुकरेती, सामाजिक कार्यकर्ता भुवनेश ध्यानी एवं सोहन सिंह नेगी ने भी भाजपा का दामन थामा।
अन्य प्रमुख सदस्यों में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य ताजमहल सिंह नेगी, सेवानिवृत्त हवलदार संजय सिंह, अर्जुन सिंह नेगी, पूर्व सैनिक रमेश रावत, विशंभर सिंह बिष्ट, मोहन सिंह रावत, शिव मोहन नेगी, अनूप रावत, संतोषी देवी, पूनम रावत, अंजू रावत, पुष्पा रावत, अमन नेगी, कृष्ण कुमार, अंकित और विजय असवाल शामिल रहे।
कार्यक्रम में प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, चौबट्टाखाल विधानसभा प्रभारी दर्शन दानु और सुयश रावत सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने इस संबंध में जानकारी दी।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#UttarakhandNews #BJPUttarakhand #MahendraBhatt #SatpalMaharaj #BJPJoining #PauriGarhwal #Chaukhalkhal #Politics #Yugvarta


No Previous Comments found.