दीपावली पर गढ़ी कैंट में जवानों के बीच पहुंचे सीएम धामी, काफिला रुकवाकर दी मिठाई और शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने सैनिकों का कुशलक्षेम जाना, बोले- जवानों के त्याग और समर्पण के कारण ही देशवासी सुरक्षित माहौल में मना पाते हैं त्योहार
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 8 Nov, 2026 11:51 PMदेहरादून। दीपावली के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ी कैंट क्षेत्र में सेना के जवानों से मुलाकात कर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री आवास लौटते समय सेना के जवानों को देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवाया और उनसे आत्मीय बातचीत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जवानों का कुशलक्षेम जाना और मिठाई बांटकर उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।
सैनिकों का समर्पण देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्र की अखंडता बनाए रखने के लिए सैनिक दिन-रात पूरी निष्ठा, समर्पण और अदम्य साहस के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। उनके सतर्क पहरे और अटूट संकल्प के कारण ही देशवासी सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना पाते हैं।
उन्होंने कहा कि जब पूरा देश अपने परिवारों के साथ दीपावली की खुशियां मनाता है, तब अनेक जवान घर-परिवार से दूर रहकर राष्ट्र की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। सैनिकों का त्याग, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
वीर सैनिकों के सुखद और सुरक्षित जीवन की कामना
मुख्यमंत्री ने मां भारती के वीर सपूतों के शौर्य, साहस और समर्पण को नमन करते हुए कहा कि सैनिकों का सम्मान करना और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने जवानों के सुखद, स्वस्थ और सुरक्षित जीवन की कामना की।
उत्तराखंड की वीरभूमि की परंपरा का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड वीरभूमि है और यहां के युवाओं की भारतीय सेना में गौरवशाली परंपरा रही है। प्रदेश का प्रत्येक नागरिक अपने सैनिकों और उनके परिवारों पर गर्व करता है। उन्होंने कहा कि सैनिकों का साहस, त्याग और राष्ट्रप्रेम आने वाली पीढ़ियों को भी देशसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।


No Previous Comments found.