उत्तराखंड न्यूज़ : मुख्यमंत्री ने दी प्रदेशवासियों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भैयादूज की शुभकामनाएँ
सीएम धामी बोले- स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देकर साकार करें आत्मनिर्भर भारत का संकल्प, प्रदेशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 5 Nov, 2026 04:15 PMदेहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज के पावन पर्वों की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी पर्वों को भारतीय संस्कृति, पारिवारिक परंपराओं और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताते हुए प्रदेशवासियों के सुख, शांति, आरोग्यता और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और स्वदेशी अपनाने के मंत्र को आत्मसात करने का आह्वान करते हुए स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील भी की।
मुख्यमंत्री धामी ने धनतेरस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व आरोग्यता के देवता भगवान धन्वंतरी की पूजा-अर्चना का विशेष अवसर है। उन्होंने कामना की कि भगवान धन्वंतरी सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें।
दीपावली के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व सुख, समृद्धि और संपन्नता का प्रतीक है। मां लक्ष्मी और भगवान श्रीगणेश के आशीर्वाद से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, शांति और आरोग्यता का संचार हो। उन्होंने प्रदेशवासियों से दीपावली का त्योहार आपसी प्रेम, सद्भाव और उत्साह के साथ मनाने की कामना की।
गोवर्धन पूजा प्रकृति और सांस्कृतिक संसाधनों के संरक्षण का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व समाज और देश के आर्थिक एवं सांस्कृतिक संसाधनों के संरक्षण का प्रतीक है। भारतीय परंपराओं में इस पर्व का विशेष महत्व है, जो प्रकृति, संस्कृति और सामूहिक जीवन के प्रति हमारी जिम्मेदारी का संदेश देता है।
भैयादूज के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों, विशेषकर महिलाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम और पारिवारिक संबंधों की आत्मीयता को दर्शाता है। साथ ही यह मातृशक्ति के सम्मान तथा परिवार और समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को भी प्रदर्शित करता है।
स्थानीय उत्पादों की खरीद से मजबूत होंगे कुटीर उद्योग और महिला स्वयं सहायता समूह
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और स्वदेशी अपनाने के मंत्र को आत्मसात करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक बढ़ावा देकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक अपना योगदान दे सकता है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों की खरीद से प्रदेश के शिल्पकारों, कुटीर उद्योगों और महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलता है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ ही पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उद्यमों को भी प्रोत्साहन मिलता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से त्योहारों के अवसर पर स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूती प्रदान की जा सकती है।


No Previous Comments found.