नगला तराई की रामलीला में पहुंचे सीएम धामी, बोले- श्रीराम के आदर्शों से मजबूत होगा समाज

मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम के जीवन से एकता, नैतिकता और मर्यादा की सीख अपनाने का किया आह्वान, देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर दिया जोर

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 2 Nov, 2026 10:26 PM
नगला तराई की रामलीला में पहुंचे सीएम धामी, बोले- श्रीराम के आदर्शों से मजबूत होगा समाज

खटीमा, 2 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा के नगला तराई में आयोजित रामलीला कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र का स्मरण करते हुए प्रदेशवासियों से उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन हमें एकजुट होकर धर्म, नैतिकता और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि आदर्श आचरण, कर्तव्यनिष्ठा, त्याग और सामाजिक समरसता का संदेश भी देता है। उनके आदर्शों को अपनाकर एक बेहतर और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ पुनर्निर्माण के साथ केदारखंड और मानसखंड के मंदिरों के जीर्णोद्धार एवं विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक परंपराओं और पवित्रता को बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए अवैध अतिक्रमण और छद्म वेश धारण कर रहने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।

गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के सशक्तीकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश में अनेक ऐतिहासिक और जनकल्याणकारी कार्य हुए हैं। गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं तथा हर घर तक नल से जल और गैस कनेक्शन पहुंचाने का काम किया गया है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त उपचार की सुविधा दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम हो रहा है। युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसरों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जबकि किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने सैनिकों के कल्याण का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सेना को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसी कार्रवाइयों से भारत ने अपनी सुरक्षा के प्रति दृढ़ संकल्प प्रदर्शित किया है। वहीं, पूर्व सैनिकों के हित में वन रैंक, वन पेंशन योजना लागू की गई है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, ग्राम प्रधान दीपू मेहरा सहित रामलीला समिति के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#PushkarSinghDhami #UttarakhandNews #Khatima #Ramleela #Uttarakhand


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.