देहरादून में जिला स्तरीय युवा संसद का आयोजन, ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ पर युवाओं ने रखे विचार
50 युवाओं ने लिया प्रतिभाग, शिव विश्नोई ने हासिल किया प्रथम स्थान; हिमानी द्वितीय और नेहा रहीं तृतीय स्थान पर
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 31 Oct, 2026 08:01 PMदेहरादून, 31 अक्टूबर। युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ने और राष्ट्रीय महत्व के समसामयिक विषयों पर उनकी भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से देहरादून में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के अंतर्गत जिला स्तरीय युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 50 युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए और इसके विभिन्न पहलुओं पर अपनी समझ एवं दृष्टिकोण साझा किया।
कार्यक्रम के दौरान मेरा युवा भारत, देहरादून के उपनिदेशक अविनाश कुमार सिंह ने प्रतिभागियों को युवा संसद के उद्देश्य, महत्व और आयोजन की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।
शिव विश्नोई ने किया प्रथम स्थान हासिल
युवा संसद में प्रतिभागियों ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों और विचारों के मूल्यांकन के लिए गठित निर्णायक मंडल में सामाजिक कार्यकर्ता अवधेश शर्मा, ललित जोशी, पूर्व जिलाधिकारी योगेश धस्माना तथा भैरवी शामिल रहीं।
निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों के विचारों एवं प्रस्तुतियों के आधार पर परिणाम घोषित किए गए। इसमें शिव विश्नोई ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि हिमानी द्वितीय और नेहा तृतीय स्थान पर रहीं।
राज्य स्तरीय युवा संसद में करेंगे प्रतिभाग
कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आगामी राज्य स्तरीय युवा संसद में प्रतिभाग के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन और अभिव्यक्ति कौशल का विकास करना तथा उन्हें राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर विचार-विमर्श के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना रहा। युवा संसद के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय प्रक्रियाओं और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में मेरा युवा भारत के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक प्रवेश सिंह बजवाल, सुभाष खत्री, सुमन सिंह बिष्ट, देवेंद्र सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.