चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत : मुख्यमंत्री धामी
धामी ने चिकित्सा शिक्षा को दी ₹20.55 करोड़ की सौगात, 5 योजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण, सेलाकुई मेडिकल यूनिवर्सिटी में बनेगा प्रशासनिक भवन, एम्फीथिएटर और नक्षत्र वाटिका; सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के लिए केंद्र को भेजा प्रस्ताव
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 19 Oct, 2026 08:36 PMदेहरादून, 19 अक्टूबर। उत्तराखंड में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सेलाकुई स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय परिसर में 20.55 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 20.21 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का शिलान्यास और 34 लाख रुपये की दो योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रस्तावित प्रशासनिक भवन, एम्फीथिएटर और नक्षत्र वाटिका का शिलान्यास किया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार और दंत चिकित्सालय का लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की और स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के लिए केंद्र को भेजा प्रस्ताव
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विश्वविद्यालय परिसर में नई सुविधाओं के विकास से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने के लिए केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा गया है। केंद्र से स्वीकृति मिलने के बाद इस दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों पर समाज की बड़ी जिम्मेदारी होती है। चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी लोगों का जीवन बचाने के साथ उन्हें नया जीवन देने का कार्य करते हैं। इसलिए इस पेशे में सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण का विशेष महत्व है।
प्रदेश में पांच राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हुआ है। उत्तराखंड में भी इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में पांच राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि दो निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा नौ नर्सिंग कॉलेज और तीन नर्सिंग स्कूल संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर के मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण जारी है, जबकि जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी सुविधाएं बेहतर बनाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, ऊधमसिंह नगर के किच्छा में 351 करोड़ रुपये की लागत से एम्स सैटेलाइट सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। इससे क्षेत्र की बड़ी आबादी को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस जैसी व्यवस्थाओं पर भी जोर दिया जा रहा है।
युवाओं को विदेशों में भी मिल रहे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों तथा पैरामेडिकल कर्मियों की नियुक्तियों के साथ प्रशिक्षण सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जा रहा है। युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत वर्ष 2023 में 60 अभ्यर्थियों को जापान और वर्ष 2025 में 13 अभ्यर्थियों को जर्मनी में रोजगार मिला। मुख्यमंत्री ने जर्मन भाषा का प्रशिक्षण लेकर जर्मनी में रोजगार प्राप्त करने वाली उत्तराखंड की सपना राणा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के युवा अपने कौशल और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में शिक्षा प्राप्त करने वाले युवा एम्स, पीजीआई, रेलवे और मिलिट्री नर्सिंग सर्विस जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं के रोजगार और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता को राज्य सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और राज्य सरकार उनके बेहतर भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है।
चिकित्सा शिक्षा के विस्तार पर सरकार का जोर
कार्यक्रम में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर काम कर रही है। मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक बुनियादी सुविधाएं विकसित करने के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) भानु दुग्गल, यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #MedicalEducation #HealthInfrastructure #Selakui #UttarakhandNews



No Previous Comments found.