राहुल गांधी के बयान पर उत्तराखंड में भाजपा का प्रदर्शन, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ ने फूंका पुतला
कर्नल रघुबीर सिंह भंडारी बोले—डोभाल पर टिप्पणी उत्तराखंड के सैनिक परिवारों का अपमान, 2027 के चुनाव में लोकतांत्रिक तरीके से देंगे जवाब
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 15 Oct, 2026 09:20 PMदेहरादून, 15 अक्टूबर। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की कथित अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में उत्तराखंड में भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को भाजपा के पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के नेतृत्व में प्रदेशभर में प्रदर्शन किए गए और विभिन्न जनपदों में राहुल गांधी के पुतले फूंके गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि डोभाल पर की गई टिप्पणी केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की सुरक्षा में जुटे जवानों और उनके परिवारों की भावनाओं को भी आहत करती है।
‘डोभाल ही नहीं, सैनिक परिवारों का भी अपमान’
प्रदर्शन के दौरान भाजपा पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक कर्नल रघुबीर सिंह भंडारी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि अजीत डोभाल ने अपना जीवन देश की सुरक्षा, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए समर्पित किया है। ऐसे राष्ट्रसेवक के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करना स्वीकार्य नहीं है।
भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणी केवल डोभाल पर हमला नहीं, बल्कि देश के सैनिकों, सुरक्षा बलों और विशेष रूप से उत्तराखंड के वीर जवानों के शौर्य एवं बलिदान का अपमान है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड का हर सैनिक परिवार देश की रक्षा के लिए अपना योगदान देता है और सैनिकों के सम्मान से जुड़ा कोई भी विषय प्रदेशवासियों के लिए बेहद संवेदनशील है।
2027 के चुनाव में जवाब देने का ऐलान
भाजपा के पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ ने कांग्रेस और राहुल गांधी को राष्ट्रीय सुरक्षा तथा सेना से जुड़े मुद्दों पर जिम्मेदारी बरतने की नसीहत दी। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों और सेना से जुड़े संवेदनशील विषयों पर गैर-जिम्मेदाराना राजनीति करती है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणी का जवाब प्रदेश की जनता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में लोकतांत्रिक तरीके से देगी। उन्होंने कांग्रेस से राष्ट्रीय सुरक्षा, सेना के सम्मान और देश के स्वाभिमान से जुड़े मुद्दों पर राजनीति बंद करने की मांग की।
जिला मुख्यालयों और मंडलों में प्रदर्शन
भाजपा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, प्रदेश के विभिन्न जिला मुख्यालयों और मंडलों में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए। इनमें पूर्व सैनिकों, पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अजीत डोभाल के सम्मान और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर अपनी नाराजगी जाहिर की।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #Dehradun #RahulGandhi #AjitDoval #BJP #ExServicemen #UttarakhandPolitics #Yugvarta



No Previous Comments found.