दिनेश आर्य के चयन से फिर साबित, भाजपा में सामान्य कार्यकर्ता को मिलता है सम्मान: महेंद्र भट्ट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर दिनेश आर्य को दी बधाई, केंद्रीय नेतृत्व का जताया आभार
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 4 Oct, 2026 06:56 PMदेहरादून, 4 अक्टूबर 2026। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड से राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में दिनेश आर्य के नाम की घोषणा की है। उनके चयन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि दिनेश आर्य को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने से एक बार फिर साबित हुआ है कि भाजपा अपने निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान देने के साथ ही समाज के अंतिम छोर पर खड़े लोगों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी लोकतांत्रिक पार्टी है, जहां जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और निष्ठा का मूल्यांकन किया जाता है। भट्ट के मुताबिक पार्टी का यह निर्णय विपक्ष के लिए भले ही अप्रत्याशित हो, लेकिन भाजपा के मूल कार्यकर्ताओं के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
संगठनात्मक अनुभव का मिलेगा लाभ
महेंद्र भट्ट ने कहा कि दिनेश आर्य ने कर्मठ और सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। जनप्रतिनिधि के रूप में भी उनकी पहचान जनसुलभ, विनम्र और संवेदनशील नेता के तौर पर रही है।
उन्होंने कहा कि दिनेश आर्य के लंबे सार्वजनिक जीवन और संगठनात्मक अनुभव का लाभ उत्तराखंड को राज्यसभा में मिलेगा। राज्यसभा सांसद के रूप में वह प्रदेश के समग्र विकास, क्षेत्रीय मुद्दों और जनकल्याण से जुड़े विषयों को संसद के उच्च सदन में प्रभावी ढंग से उठाएंगे।
भाजपा की जीत का दावा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्यसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवार की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि विधानसभा में भाजपा के पास पर्याप्त संख्या बल है और जनता ने विधानसभा चुनाव में पार्टी को दो-तिहाई बहुमत दिया है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि 6 अक्टूबर को दिनेश आर्य के नामांकन के साथ राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। उन्होंने दावा किया कि संख्या बल के लिहाज से भाजपा उम्मीदवार की स्थिति मजबूत है।
कांग्रेस से समर्थन की अपील
महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस से दिनेश आर्य की उम्मीदवारी का समर्थन करने की अपील भी की। उन्होंने कांग्रेस पर जातिगत राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के पास अब अपने पूर्व के राजनीतिक रुख पर पुनर्विचार करने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष को सकारात्मक रवैया अपनाते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया और जनता की इच्छा के साथ खड़ा होना चाहिए। भट्ट ने उम्मीद जताई कि कांग्रेस दिनेश आर्य का समर्थन करेगी।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #DineshArya #RajyaSabhaElection #BJP #MahendraBhatt #UttarakhandPolitics #RajyaSabha #Dehradun



No Previous Comments found.