सैन्यधाम में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने किया निरीक्षण

शौर्य स्तंभ, शहीदों की नाम पट्टिकाओं और संग्रहालय की व्यवस्थाओं का लिया जायजा; साफ-सफाई, फिनिशिंग और रख-रखाव पर दिया जोर

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 25 Sep, 2026 07:23 PM
सैन्यधाम में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने किया निरीक्षण

देहरादून, 25 सितंबर 2026। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को सैन्यधाम का निरीक्षण कर वहां चल रहे निर्माण, रख-रखाव और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सैन्यधाम की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने शौर्य स्तंभ की साफ-सफाई, उसके चारों ओर बने वृत्ताकार बेस और उचित फिनिशिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सैन्यधाम स्थित संग्रहालय का भी निरीक्षण किया और रेलिंग के खंभों के बेस में लगे पत्थरों की फिनिशिंग के साथ आवश्यक मरम्मत एवं रख-रखाव कार्य कराने को कहा।

गणेश जोशी ने शहीदों की नाम पट्टिकाओं को एक समान एवं एक सीध में व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नाम पट्टिकाओं की रिफिनिशिंग और नियमित रख-रखाव के कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा।

मंत्री ने सैन्यधाम के सभागार की वॉल पैनलिंग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पैनलिंग की वर्तमान स्थिति का आकलन कर आवश्यकतानुसार उसे बदला जाए अथवा रंग-रोगन के माध्यम से सभागार को नया और बेहतर स्वरूप दिया जाए।

उन्होंने कहा कि सैन्यधाम उत्तराखंड के वीर सैनिकों और शहीदों के सम्मान का महत्वपूर्ण स्थल है। इसलिए यहां साफ-सफाई, गुणवत्ता, रख-रखाव और फिनिशिंग पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि सैन्यधाम आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को गरिमापूर्ण और बेहतर वातावरण मिल सके।

मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सैन्यधाम से जुड़े सभी कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ पूरा करने और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान सैनिक कल्याण विभाग के सचिव युगल किशोर पंत, निदेशक ब्रिगेडियर डीएस बसेड़ा (सेनि.), उपनल के एमडी ब्रिगेडियर जेएनएस बिष्ट (सेनि.) सहित सैनिक कल्याण विभाग, उपनल और पेयजल निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Uttarakhand #Dehradun #SainyDham #GaneshJoshi #SainikKalyan #UttarakhandNews #Yugvarta


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

kitkat ad