ग्रामीणों की आवाज बनी सीएम धामी की प्राथमिकता, सकण्ड गांव की सड़क पर तेज हुई कार्रवाई

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 15 Sep, 2026 11:27 PM
ग्रामीणों की आवाज बनी सीएम धामी की प्राथमिकता, सकण्ड गांव की सड़क पर तेज हुई कार्रवाई

चमोली। कर्णप्रयाग विकासखंड के सकण्ड (स्कंद) गांव में सड़क सुविधा की समस्या को लेकर ग्रामीणों द्वारा स्वयं गेती, फावड़े और कुदाल उठाकर श्रमदान किए जाने की खबर का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क संबंधी कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की सड़क संबंधी समस्या को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और सड़क निर्माण की कार्रवाई को तीन माह के भीतर आगे बढ़ाने की दिशा में तेजी से काम किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता गांवों तक सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी न हो, इसके लिए शासन-प्रशासन को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाएं बनाने के साथ-साथ उनके लाभ को धरातल पर अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

संयुक्त टीम ने गांव पहुंचकर किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में राजस्व विभाग, वन विभाग और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम सकण्ड गांव पहुंची। टीम ने मौके का निरीक्षण कर सड़क निर्माण से जुड़े आवश्यक पहलुओं की जानकारी ली और आगे की प्रक्रिया शुरू की। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सड़क निर्माण से संबंधित कार्रवाई में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

ग्राम प्रधान ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

मुख्यमंत्री के त्वरित हस्तक्षेप के बाद हुई कार्रवाई पर ग्राम प्रधान शिवानी चौधरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्या का तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए, जिसके बाद राजस्व, वन और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम गांव पहुंची।

ग्राम प्रधान ने कहा कि टीम ने सड़क से संबंधित कार्रवाई को तीन माह के भीतर आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ-साथ शासन और जिला प्रशासन का भी आभार व्यक्त किया।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2