पीएम मोदी के जन्मदिवस पर आंगनबाड़ी केंद्रों में होंगे विभिन्न सेवा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम: रेखा आर्या
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 14 Sep, 2026 07:37 PMदेहरादून, 14 सितंबर 2026। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को सचिवालय में विभागीय अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में आगामी 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा, समर्पण और जनकल्याण के संकल्प के साथ व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर होंगे रचनात्मक और जनजागरूकता कार्यक्रम
रेखा आर्या ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न रचनात्मक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, विभागीय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं कार्मिकों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों की प्रभावी मॉनिटरिंग और प्रचार-प्रसार के लिए सभी जिला कार्यक्रम अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। नोडल अधिकारी अपने-अपने जिलों में आयोजित कार्यक्रमों की फोटो और वीडियोग्राफी सुनिश्चित करने के साथ ही संबंधित सामग्री विभागीय वेबसाइट पर अपलोड कराएंगे।
सेवा कार्यों के जरिए जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस दौरान रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न सेवा कार्यों का आयोजन किया जाएगा। ‘सेवा संकल्प अभियान’ और ‘आशीर्वाद का दीया’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से भी जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
रेखा आर्या ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जनसेवा और जनभागीदारी के माध्यम से सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अभियान को प्रभावी ढंग से बूथ स्तर तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य है कि विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। विभाग को इसी भावना के साथ पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करना चाहिए।
बैठक में सचिव चंद्रेश कुमार यादव, अपर सचिव कमेंद्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा रूचि भट्ट, उपनिदेशक विक्रम सिंह, मोहित चौधरी और हिमानी वैष्णव सहित अन्य अधिकारी एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जनपदों के जिला कार्यक्रम अधिकारी भी बैठक से जुड़े।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#RekhaArya #Uttarakhand #SevaSankalpAbhiyan #PMModi #Anganwadi #WomenAndChildDevelopment #UttarakhandNews



No Previous Comments found.