उपनल के जरिए ऊर्जा निगमों में तैनात पूर्व सैनिकों को मिलेगा समान कार्य-समान वेतन का लाभ
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने यूपीसीएल, यूजेवीएनएल और पिटकुल के अधिकारियों के साथ की बैठक, बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखने के दिए निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 27 Aug, 2026 09:40 PMदेहरादून, 27 अगस्त। उपनल के माध्यम से ऊर्जा विभाग के विभिन्न निगमों में कार्यरत पूर्व सैनिकों को समान कार्य के लिए समान वेतन का लाभ दिलाने की दिशा में सरकार ने पहल तेज कर दी है। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को कैंप कार्यालय में इस संबंध में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पूर्व सैनिकों की ओर से उठाई गई समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने सचिव सैनिक कल्याण और ऊर्जा विभाग के अंतर्गत आने वाले यूपीसीएल, यूजेवीएनएल तथा पिटकुल के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को पूर्व सैनिकों को समान कार्य के लिए समान वेतन का लाभ दिलाने की दिशा में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
ऊर्जा निगमों की बोर्ड बैठक में रखा जाएगा प्रस्ताव
गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस संबंध में संबंधित ऊर्जा निगमों की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए। बोर्ड से अनुमोदन के बाद प्रस्तावित फाइल को बिना किसी विलंब के शासन को भेजा जाए, ताकि आगे की प्रक्रिया जल्द पूरी की जा सके।
उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर आवश्यक पद उपलब्ध नहीं हैं, वहां नियमानुसार पद सृजन की कार्रवाई भी की जाए। इसका उद्देश्य उपनल के माध्यम से ऊर्जा निगमों में कार्यरत पात्र पूर्व सैनिकों को समान कार्य के लिए समान वेतन का लाभ उपलब्ध कराना है।
चरणबद्ध तरीके से मिलेगा लाभ
सैनिक कल्याण मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पूर्व सैनिकों से जुड़ी इस समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों ने देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और उनके हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है।
गणेश जोशी ने कहा कि उपनल के माध्यम से कार्यरत पात्र कर्मियों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ चरणबद्ध तरीके से दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की इस मांग के समाधान के लिए सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है।
बैठक में दायित्वधारी शमशेर सिंह बिष्ट, सचिव सैनिक कल्याण युगल किशोर पंत, जीएम पिटकुल मनोज कुमार, मुख्य अभियंता यूपीसीएल एनएस बिष्ट, जीएम यूजेवीएनएल राजेश चंद्रा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता



No Previous Comments found.