मुख्यमंत्री धामी को महिलाओं ने बांधा रक्षा सूत्र, रक्षाबंधन पर दो दिन रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा

मुख्यमंत्री ने महिलाओं को दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं, कहा—महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 24 Aug, 2026 07:52 PM
मुख्यमंत्री धामी को महिलाओं ने बांधा रक्षा सूत्र, रक्षाबंधन पर दो दिन रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा

देहरादून, 24 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने मुलाकात की और उन्हें रक्षा सूत्र बांधा। महिलाओं ने मुख्यमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने सभी महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और आपसी संबंधों का पर्व है। राज्य सरकार इस पर्व पर प्रदेश की बहनों की सुविधा का विशेष ध्यान रख रही है।

28 और 29 अगस्त को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा

मुख्यमंत्री ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं की सुविधा के लिए 28 और 29 अगस्त 2026 को दो दिनों तक उत्तराखण्ड परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि इस पहल से महिलाएं रक्षाबंधन के अवसर पर अपने मायके और परिवारजनों तक आसानी से पहुंच सकेंगी।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उनके सामाजिक और संवैधानिक अधिकारों के प्रति भी जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर काम कर रही है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से रोजगार एवं आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की मातृशक्ति राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वाभिमान और आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2