पौड़ी से खेल क्रांति की शुरुआत: सांसद खेल महोत्सव का भव्य आगाज़, हाई एल्टीट्यूड स्पोर्ट्स हब बनेगा जनपद

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया बोले—खेल राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम, पौड़ी से निकलेंगे भविष्य के अंतरराष्ट्रीय चैंपियन

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 13 Dec, 2025 08:11 PM
पौड़ी से खेल क्रांति की शुरुआत: सांसद खेल महोत्सव का भव्य आगाज़, हाई एल्टीट्यूड स्पोर्ट्स हब बनेगा जनपद

पौड़ी | 13 दिसंबर 2025 : पौड़ी गढ़वाल में खेल संस्कृति को नई दिशा देते हुए सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया गया। कंडोलिया मैदान में आयोजित कार्यक्रम में भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मामलों के केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने महोत्सव का उद्घाटन करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का माध्यम हैं। उन्होंने पौड़ी को हाई एल्टीट्यूड स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करने की केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।


केंद्रीय मंत्री के पौड़ी आगमन पर सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक मांगलिक गीतों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन कर सांसद खेल महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर महोत्सव की टी-शर्ट और ट्रैकसूट का भी विमोचन किया गया।



2030 कॉमनवेल्थ और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचेगी पौड़ी की प्रतिभा



खिलाड़ियों और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए डॉ. मांडविया ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव युवाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रतिभा-आधारित मंच प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप देशभर में खेल संस्कृति को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस मंच से उभरने वाले खिलाड़ी भविष्य में 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स सहित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।


उन्होंने बताया कि देशभर में खेल अवसंरचना की आवश्यकता का विश्लेषण किया जा रहा है, जिसमें पौड़ी जनपद को भी विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। हाई एल्टीट्यूड की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यहां खेल सुविधाओं के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने जानकारी दी कि जोशीमठ में 8 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का निर्माण कार्य प्रगति पर है।



पौड़ी हाई एल्टीट्यूड ट्रेनिंग के लिए आदर्श: अनिल बलूनी



सांसद गढ़वाल अनिल बलूनी ने सांसद खेल महोत्सव को पौड़ी के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री के उस विजन को साकार करता है, जिसके अंतर्गत प्रतिभाशाली युवाओं की पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत को कॉमनवेल्थ खेलों के आयोजन का अवसर मिला है और ओलंपिक की मेजबानी के लिए भी बोली लगाई गई है।


अनिल बलूनी ने पौड़ी को हाई एल्टीट्यूड ट्रेनिंग के लिए आदर्श बताते हुए पूरे क्षेत्र को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने, स्विमिंग इंस्टीट्यूट की स्थापना तथा शीतकालीन खेलों को बढ़ावा देने के लिए औली को अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल प्लेटफॉर्म बनाने की मांग रखी।



युवाओं को मिला सुनहरा मंच: त्रिवेंद्र सिंह रावत



सांसद हरिद्वार एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर प्रदान कर रहा है। इस मंच से ऐसी खेल प्रतिभाएं सामने आएंगी, जो भविष्य में देश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी।



खुद मैदान में उतरे केंद्रीय मंत्री और सांसद



कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री, सांसद गढ़वाल और सांसद हरिद्वार ने कंडोलिया स्थित इंडोर स्टेडियम में पिट्ठू प्रतियोगिता के खिलाड़ियों से मुलाकात की। इसके बाद रांसी इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन और टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं का निरीक्षण किया। खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए केंद्रीय मंत्री और सांसदों ने स्वयं बैडमिंटन और टेबल टेनिस खेला तथा खेल महोत्सव सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी भी ली।



ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित



कार्यक्रम में विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल, विधायक कर्णप्रयाग अनिल नौटियाल, विधायक रुद्रप्रयाग भरत चौधरी, राज्य गौ सेवा आयोग अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र अण्थवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, खेल सचिव अमित सिन्हा, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और खिलाड़ी मौजूद रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2