उत्तराखंड में सड़क हादसों पर धामी सख्त, प्रदेशभर में चलेगा विशेष अभियान; नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और नशे में ड्राइविंग पर होगी सख्ती, पर्वतीय मार्गों पर वाहनों की फिटनेस और चालकों के लाइसेंस की नियमित जांच के निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 28 Nov, 2026 05:57 PMदेहरादून। उत्तराखंड में लगातार सामने आ रही सड़क दुर्घटनाओं और उनमें हो रही जनहानि को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश देते हुए परिवहन विभाग, पुलिस, जिला प्रशासन और सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकना सभी संबंधित विभागों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
ओवरस्पीडिंग और नशे में ड्राइविंग करने वालों पर शिकंजा
मुख्यमंत्री ने निर्धारित गति सीमा से अधिक वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, नशे की हालत में ड्राइविंग और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
उन्होंने विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में संचालित वाहनों की फिटनेस, निर्धारित यात्री क्षमता और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहाड़ी मार्गों की संवेदनशीलता को देखते हुए यहां यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना बेहद जरूरी है।
दुर्घटना संभावित स्थलों की होगी पहचान, सुरक्षा इंतजाम होंगे मजबूत
मुख्यमंत्री ने पूर्व में हुई सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का गहन विश्लेषण करने के निर्देश देते हुए दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर आवश्यकतानुसार सुधारात्मक और सुरक्षात्मक उपाय तत्काल सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
पर्वतीय मार्गों पर सड़क सुरक्षा से जुड़े इंतजामों को और मजबूत करने के भी निर्देश दिए गए हैं। संबंधित विभागों को जरूरत के अनुसार सुरक्षा उपायों में सुधार करने और दुर्घटना रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने को कहा गया है।
विभागों की जवाबदेही होगी तय, नियमित होगी समीक्षा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों की जवाबदेही तय करने और सड़क सुरक्षा उपायों के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को न्यूनतम करने के लिए केवल औपचारिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि ठोस, प्रभावी और परिणामोन्मुखी प्रयास जरूरी हैं। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली बहुमूल्य जिंदगियों को बचाना है।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #RoadSafety #RoadAccidents #TrafficRules #Dehradun #UttarakhandNews #RoadSafetyCampaign


No Previous Comments found.