कच्छ सड़क हादसा: दिवंगत सैनिकों के परिजनों से मिले मंत्री गणेश जोशी, हर संभव सहायता का दिया भरोसा
कोटद्वार पहुंचकर शोकाकुल परिवारों को बंधाया ढांढस, मासूम बच्चों समेत सात लोगों की दर्दनाक मौत से क्षेत्र में शोक की लहर
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 25 Nov, 2026 04:41 PMकोटद्वार, 25 नवंबर 2026। गुजरात के कच्छ में हुए भीषण सड़क हादसे ने उत्तराखंड के कोटद्वार में कई परिवारों को गहरे दुख में डुबो दिया है। इस दर्दनाक दुर्घटना में जान गंवाने वाले द्वितीय गढ़वाल राइफल्स के जवानों और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी मंगलवार को कोटद्वार पहुंचे। उन्होंने दिवंगत नायक राजेश सिंह रावत और नायक सौरभ सिंह नेगी के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही नायक नितिन गुसाईं से भी भेंट कर उन्हें इस कठिन समय में ढांढस बंधाया।
उल्लेखनीय है कि गुजरात के कच्छ में हुए इस हृदयविदारक सड़क हादसे में कोटद्वार के ध्रुव विहार निवासी नायक सौरभ सिंह नेगी (31), उनकी पत्नी सविता (30) और तीन माह की मासूम बेटी शिविका की मृत्यु हो गई थी। हादसे में नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गुसाईं (32) और उनकी चार वर्षीय बेटी वमिका तथा नायक राजेश सिंह रावत की सात वर्षीय बेटी रक्षिता ने भी अपनी जान गंवा दी थी। इस दुर्घटना में जवानों और उनके परिवारों को हुई क्षति ने पूरे क्षेत्र को शोकाकुल कर दिया है।
मंत्री गणेश जोशी ने दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह हादसा अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है। विशेषकर मासूम बच्चों और परिवार के सदस्यों का असमय दुनिया से चले जाना ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को भरोसा दिलाया कि इस दुख की घड़ी में उत्तराखंड सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है। प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और उनके आश्रितों के सम्मान, कल्याण एवं हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और उनके परिवारों को किसी भी परिस्थिति में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
इस दौरान कोटद्वार के मेयर शैलेंद्र रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, सैनिक कल्याण निदेशक ब्रिगेडियर डीएस बसेड़ा और जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
युगवार्ता | देहरादून


No Previous Comments found.