आपदा प्रबंधन में उत्तराखण्ड ने स्थापित किए नए मानक, आधुनिक तकनीक और त्वरित प्रतिक्रिया से मजबूत हुआ सुरक्षा तंत्र
देश का पहला राज्य बना उत्तराखण्ड, जहां आपदा प्रबंधन के लिए गठित हुआ पृथक विभाग; 525 हाइड्रो-मौसमी सेंसर और 434 से अधिक सैटेलाइट फोन से मजबूत हुई निगरानी एवं संचार व्यवस्था
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 23 Nov, 2026 06:19 PMदेहरादून। प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखण्ड में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को आधुनिक, तकनीक आधारित और अधिक प्रभावी बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व चेतावनी प्रणाली, त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों, वैज्ञानिक जोखिम आकलन और सामुदायिक सहभागिता को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी का परिणाम है कि राज्य में आपदा प्रबंधन के लिए संस्थागत ढांचे से लेकर आधुनिक तकनीकी संसाधनों तक व्यापक विस्तार किया गया है।
उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य है, जिसने आपदा प्रबंधन के लिए पृथक विभाग का गठन किया। वहीं, वर्तमान में प्रदेश में 525 हाइड्रो-मौसमी सेंसर स्थापित किए जा चुके हैं और 434 से अधिक सैटेलाइट फोन उपलब्ध कराए गए हैं। वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक आयोजित 2,339 प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से 2,69,038 लोगों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रत्येक वर्ष 28 नवंबर को प्रदेश में आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जाएगा। इस वर्ष 25 से 28 नवंबर तक विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, विकासखंडों और तहसील स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों, मॉक ड्रिल और जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 27 नवंबर को सचिवालय स्थित विश्वकर्मा भवन के वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे।
संस्थागत ढांचे को मिला मजबूत आधार
उत्तराखण्ड में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को संस्थागत रूप देने की दिशा में वर्ष 2007 में उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) का गठन किया गया। इसके बाद वर्ष 2014 में राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) का गठन हुआ। वर्ष 2025 में इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (आईआरएस) को राज्य, जनपद और तहसील स्तर तक विस्तारित किया गया। इसके अतिरिक्त वर्ष 2022 में उत्तराखण्ड भूस्खलन न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केंद्र को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में स्थापित किया गया।
इन संस्थागत प्रयासों का उद्देश्य आपदाओं के दौरान विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी और समयबद्ध बनाना है।
525 सेंसर और सैटेलाइट फोन से मजबूत हुई निगरानी व्यवस्था
आपदा की संभावनाओं का समय रहते पता लगाने और प्रभावित क्षेत्रों तक त्वरित चेतावनी पहुंचाने के लिए प्रदेश में आधुनिक तकनीकी संसाधनों का विस्तार किया गया है। राज्य में कुल 525 हाइड्रो-मौसमी सेंसर स्थापित किए गए हैं। इनमें 432 मौसम सेंसर, 87 हाइड्रोलॉजिकल सेंसर, तीन डॉप्लर वेदर रडार और तीन लाइटनिंग सेंसर शामिल हैं।
इसके साथ ही प्रदेश में 434 से अधिक सैटेलाइट फोन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे मोबाइल नेटवर्क बाधित होने की स्थिति में भी आपातकालीन संचार व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिल सके।
राज्य में कॉमन अलर्ट प्रोटोकॉल के माध्यम से विभिन्न मोबाइल नेटवर्क पर चेतावनी प्रसारित करने की व्यवस्था विकसित की गई है। इसके अलावा ईआरएसएस-112, पुलिस एवं वन विभाग के वायरलेस नेटवर्क, ई-मेल और सोशल मीडिया के माध्यम से भी सूचनाएं पहुंचाई जा रही हैं। भूदेव और सचेत ऐप के जरिए आपदा संबंधी अलर्ट जारी किए जा रहे हैं।
विशेष रूप से सेल ब्रॉडकास्ट आधारित चेतावनी प्रणाली का सफल परीक्षण किया गया है। इस तकनीक के माध्यम से बिना किसी मोबाइल ऐप या इंटरनेट कनेक्शन के सीधे मोबाइल फोन पर आपदा संबंधी अलर्ट भेजे जा सकते हैं।
2.69 लाख से अधिक लोगों को दिया गया प्रशिक्षण
सरकार ने आपदा प्रबंधन को केवल सरकारी एजेंसियों तक सीमित न रखते हुए आम नागरिकों और स्थानीय समुदायों की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण आधार बनाया है। इसके तहत स्कूली बच्चों, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स तथा माई भारत स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ा गया है।
वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक आयोजित 2,339 प्रशिक्षण कार्यक्रमों में कुल 2,69,038 प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया गया। अकेले वर्ष 2025-26 में 972 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से 1,19,497 लोगों को प्रशिक्षण मिला।
इसके अलावा युवा आपदा मित्र और आपदा सखी जैसी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित स्वयंसेवकों का नेटवर्क तैयार किया जा रहा है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में प्रारंभिक राहत एवं बचाव कार्यों में समुदाय की प्रभावी भूमिका सुनिश्चित हो सके।
वैज्ञानिक जोखिम आकलन और मॉक ड्रिल पर विशेष जोर
आपदा के प्रभाव को कम करने के लिए प्रदेश में जीआईएस आधारित जोखिम मानचित्रण, बाढ़ एवं जलभराव की संभावनाओं का आकलन और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है। ग्लेशियल झीलों से उत्पन्न संभावित जोखिमों का वैज्ञानिक आकलन करने के साथ निगरानी तंत्र को भी मजबूत किया गया है।
इस दिशा में चमोली जिले के वसुधारा ताल में राज्य की पहली सेंसर आधारित ग्लेशियल लेक पूर्व चेतावनी प्रणाली स्थापित की गई है। इसका उद्देश्य संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान कर संबंधित एजेंसियों को सतर्क करना है।
वर्ष 2025-26 में वनाग्नि, चारधाम यात्रा, बाढ़, भूकंप और मानसून जैसी विभिन्न परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की गईं। इसके अतिरिक्त 2 जुलाई 2026 को मानसून आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई।
राहत एवं बचाव के बुनियादी ढांचे का विस्तार
आपदा के दौरान राहत और बचाव कार्यों को गति देने के लिए यूएसडीआरएफ परियोजना के अंतर्गत विभिन्न बुनियादी ढांचागत कार्यों को शामिल किया गया है। इनमें 36 पुलों का निर्माण, आठ सड़कों पर सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्य, आपदा आश्रयों का निर्माण, राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र का सुदृढ़ीकरण और हाइड्रोमेट एवं पूर्व चेतावनी तंत्र का विस्तार शामिल है।
इसके अलावा एसडीआरएफ को खोज एवं बचाव कार्यों के लिए आधुनिक उपकरण और संचार संसाधन उपलब्ध कराने तथा 18 फायर स्टेशन एवं प्रशिक्षण केंद्रों के निर्माण और उपकरणों की व्यवस्था का भी प्रावधान किया गया है।
आपदा प्रबंधन में जीआईएस, हाइड्रोमेट सेंसर, डॉप्लर रडार, लाइटनिंग सेंसर, सीसीटीवी, सैटेलाइट फोन और सेल ब्रॉडकास्ट जैसी तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। साथ ही राजस्व, पुलिस, अग्निशमन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जल पुलिस, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, कृषि और सिंचाई सहित संबंधित विभागों के बीच समन्वय को मजबूत किया गया है।
आपदा प्रभावितों को मिलने वाली सहायता राशि में बढ़ोतरी
आपदा प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर केंद्र सरकार द्वारा राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन निधि (एनडीआरएफ) के अंतर्गत विभिन्न मदों में सहायता राशि के मानकों में वृद्धि की गई है।
संशोधित मानकों के अनुसार, आपदा में मृत्यु होने पर मिलने वाली अनुग्रह सहायता राशि 4 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये प्रति मृतक कर दी गई है। 60 प्रतिशत से अधिक गंभीर दिव्यांगता की स्थिति में सहायता राशि 2.50 लाख रुपये से बढ़ाकर 3.20 लाख रुपये प्रति व्यक्ति की गई है।
कृषि क्षेत्र में वर्षा आधारित फसलों के लिए इनपुट सब्सिडी 8,500 रुपये से बढ़ाकर 11,000 रुपये प्रति हेक्टेयर और सुनिश्चित सिंचाई वाली फसलों के लिए 17,000 रुपये से बढ़ाकर 22,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की गई है। बारहमासी एवं बागवानी फसलों के लिए सहायता राशि 22,500 रुपये से बढ़ाकर 30,000 रुपये प्रति हेक्टेयर निर्धारित की गई है।
पशुधन क्षति के मामलों में बड़े पशुओं के लिए सहायता 37,500 रुपये से बढ़ाकर 50,000 रुपये प्रति पशु और छोटे पशुओं के लिए 4,000 रुपये से बढ़ाकर 5,100 रुपये प्रति पशु की गई है। सूखाग्रस्त क्षेत्रों में बड़े पशुओं के लिए सहायता 32,000 रुपये से बढ़ाकर 41,000 रुपये तथा छोटे पशुओं के लिए 20,000 रुपये से बढ़ाकर 25,400 रुपये प्रति पशु की गई है। पोल्ट्री क्षति पर सहायता राशि भी 100 रुपये से बढ़ाकर 130 रुपये प्रति पक्षी की गई है।
आवासीय क्षति के मामलों में मैदानी क्षेत्रों में पूर्णतः क्षतिग्रस्त मकान के लिए सहायता राशि 1.20 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.60 लाख रुपये तथा पहाड़ी एवं दुर्गम क्षेत्रों में 1.30 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.70 लाख रुपये की गई है। आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त पक्के मकान के लिए सहायता 6,500 रुपये से बढ़ाकर 8,500 रुपये और कच्चे मकान के लिए 4,000 रुपये से बढ़ाकर 5,500 रुपये कर दी गई है।
रेशम उत्पादन के लिए सहायता राशि 6,000 रुपये से बढ़ाकर 7,800 रुपये प्रति हेक्टेयर तथा मृग पालन के लिए 7,500 रुपये से बढ़ाकर 9,800 रुपये प्रति हेक्टेयर की गई है।
राहत से आगे बढ़कर आपदा जोखिम न्यूनीकरण की दिशा में प्रयास
उत्तराखण्ड सरकार का लक्ष्य आपदा प्रबंधन को केवल राहत और बचाव तक सीमित न रखते हुए पूर्व तैयारी, वैज्ञानिक जोखिम आकलन, प्रभावी चेतावनी प्रणाली, त्वरित प्रतिक्रिया और पुनर्वास की समन्वित व्यवस्था के रूप में विकसित करना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में तकनीकी संसाधनों के विस्तार, प्रशिक्षित मानव संसाधन, मजबूत संस्थागत ढांचे और प्रभावितों को बेहतर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयास राज्य की आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। भौगोलिक और प्राकृतिक चुनौतियों से घिरे उत्तराखण्ड के लिए यह व्यवस्था भविष्य में आपदाओं के प्रभाव को कम करने और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में अहम साबित हो सकती है।


No Previous Comments found.