रॉबर्स केव (गुच्चुपानी) को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की तैयारी, केंद्रीय मंत्री से मिले गणेश जोशी
सौंदर्यीकरण और आधुनिक पर्यटक सुविधाओं के प्रस्ताव को जल्द मंजूरी देने का किया अनुरोध, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की जताई उम्मीद
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 13 Nov, 2026 09:06 PMनई दिल्ली, 13 नवंबर। उत्तराखण्ड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रॉबर्स केव (गुच्चुपानी) के पर्यटन विकास को नई गति देने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से शिष्टाचार भेंट कर देहरादून स्थित रॉबर्स केव के सौंदर्यीकरण और इसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त पर्यटन हब के रूप में विकसित करने संबंधी प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध किया।
मुलाकात के दौरान गणेश जोशी ने केंद्रीय मंत्री को प्रस्ताव की जानकारी देते हुए कहा कि रॉबर्स केव अपनी प्राकृतिक सुंदरता, अनूठी भौगोलिक संरचना और पर्यटन की संभावनाओं के कारण देश-विदेश के पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में इसके सुनियोजित विकास, सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से इस पर्यटन स्थल को और अधिक आकर्षक बनाया जा सकता है।
पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा लाभ
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि रॉबर्स केव में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और आधुनिक पर्यटक सुविधाएं विकसित करने से यहां आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार एवं रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि से क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन उत्तराखण्ड की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। राज्य सरकार प्रदेश में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, मौजूदा पर्यटन स्थलों के उन्नयन और नए पर्यटन गंतव्यों के विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
केंद्र सरकार से लंबित प्रस्तावों को प्राथमिकता देने का आग्रह
गणेश जोशी ने केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री से उत्तराखण्ड सरकार की ओर से पर्यटन विकास के संबंध में केंद्र सरकार को भेजे गए विभिन्न प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र को नई संभावनाएं मिल सकती हैं।
वहीं, केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कृषि मंत्री द्वारा उठाए गए विषयों पर सकारात्मक रुख व्यक्त किया और संबंधित प्रस्तावों पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिलाया।
रॉबर्स केव के विकास से संबंधित इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने पर देहरादून के पर्यटन बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।


No Previous Comments found.