मैं मंत्री नहीं, एक भाई और बेटे के रूप में सैनिकों के बीच आता हूं : गणेश जोशी

सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं, बोले गणेश जोशी- सैनिकों का सम्मान और कल्याण सरकार की प्राथमिकता

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 10 Nov, 2026 03:20 PM
मैं मंत्री नहीं, एक भाई और बेटे के रूप में सैनिकों के बीच आता हूं : गणेश जोशी

देहरादून, 10 नवंबर 2026। उत्तराखंड में सैनिकों और पूर्व सैनिकों के कल्याण एवं सम्मान की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को देहरादून के कालीदास मार्ग स्थित सैनिक कल्याण निदेशालय में 142.89 लाख रुपये की लागत से जीर्णोद्धार किए गए राज्य स्तरीय सैनिक विश्राम गृह का लोकार्पण किया। इस सुविधा के शुरू होने से यहां ठहरने वाले सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को बेहतर एवं सुविधाजनक आवासीय वातावरण उपलब्ध होगा।

लोकार्पण समारोह के दौरान सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सैनिकों का सम्मान और उनके परिवारों का कल्याण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि भावनात्मक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा, “मैं जब भी आपके बीच आता हूं तो एक मंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक भाई और बेटे के रूप में आता हूं।”

गणेश जोशी ने अपनी सैन्य पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि आज वह जिस मुकाम पर हैं, उसमें सेना में बिताए गए समय और सैन्य जीवन के अनुशासन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने उत्तराखंड को वीरभूमि बताते हुए कहा कि देश के लगभग 17.5 प्रतिशत सैनिक उत्तराखंड से आते हैं, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

सैनिकों के हित में केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों का किया उल्लेख

सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सैनिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। इनमें वन रैंक वन पेंशन योजना, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक का निर्माण, रक्षा बजट में वृद्धि तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं और सामरिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करना प्रमुख है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने शहीदों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में कई गुना वृद्धि की है। इसके अतिरिक्त पूर्व सैनिकों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही परमवीर चक्र से लेकर मेंशन इन डिस्पैच तक विभिन्न वीरता पुरस्कारों से सम्मानित सैनिकों को दी जाने वाली एकमुश्त और वार्षिक सम्मान राशि में भी बढ़ोतरी की गई है।

सैनिक परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध धामी सरकार

गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण एवं सम्मान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सैनिकों और उनके परिवारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य स्तरीय सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार से यहां आने वाले सैनिकों और पूर्व सैनिकों को पहले से बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। यह पहल सैनिकों के प्रति राज्य सरकार के सम्मान और संवेदनशीलता को भी दर्शाती है।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर राज्यमंत्री शमशेर सिंह बिष्ट, उत्तराखंड सब एरिया के डिप्टी जीओसी ब्रिगेडियर आरएस थापा, निदेशक सैनिक कल्याण ब्रिगेडियर डीएस बसेड़ा (सेवानिवृत्त), विंग कमांडर निधि बधानी (सेवानिवृत्त), कर्नल वीपी भट्ट (सेवानिवृत्त), प्रदीप रावत, पार्षद मोहन बहुगुणा, नामित पार्षद कैप्टन सुखबहादुर गुरुंग (सेवानिवृत्त), मेजर जनरल एमएल असवाल (सेवानिवृत्त) सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Uttarakhand #GaneshJoshi #PushkarSinghDhami #Dehradun #SainikWelfare #ExServicemen #UttarakhandNews #Yugvarta


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.