परिवार के साथ मुख्यमंत्री आवास में सीएम धामी ने मनाई दीपावली, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 8 Nov, 2026 11:53 PMदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली का पर्व अपने परिवार के साथ मुख्यमंत्री आवास में पारंपरिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी गीता धामी और दोनों पुत्र भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने परिवार के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर प्रकाश के इस पर्व को मनाया और प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
सांस्कृतिक विरासत और पारिवारिक मूल्यों का प्रतीक है दीपावली
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दीपावली केवल दीपों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारिवारिक मूल्यों, आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व जीवन में सकारात्मकता, सेवा, सहयोग और मानवता के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है।
प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि प्रकाश का यह पर्व प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा लेकर आए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड निरंतर विकास और उन्नति के नए आयाम स्थापित करे तथा राज्य का प्रत्येक नागरिक समृद्ध और सुरक्षित भविष्य की ओर आगे बढ़े।
प्रेम और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता के साथ पर्व मनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से दीपावली का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने राज्य के सभी परिवारों के लिए खुशहाली और मंगलकामना व्यक्त की।


No Previous Comments found.