उत्तराखंड : रन फॉर यूनिटी में धामी की बड़ी घोषणाएं, हर ग्राम पंचायत में बनेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब

पीआरडी जवानों का बढ़ेगा मानदेय, मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में 32 की जगह होंगे 50 खेल; मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि दोगुनी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 31 Oct, 2026 12:51 PM
उत्तराखंड : रन फॉर यूनिटी में धामी की बड़ी घोषणाएं, हर ग्राम पंचायत में बनेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब

देहरादून। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को हरी झंडी दिखाकर दौड़ के लिए रवाना किया और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं, खिलाड़ियों और प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि किए जाने की घोषणा करते हुए कहा कि इस संबंध में जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब स्थापित किए जाएंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे लाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी खाली भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित करने की घोषणा भी की। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण कराया जाएगा। इससे युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ सेना में भर्ती की तैयारी के लिए प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में अब 50 खेल होंगे शामिल

खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने की घोषणा की। इसमें पारंपरिक खेलों को भी विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। साथ ही प्रतियोगिता के आयोजन के लिए निर्धारित कुल बजट में भी वृद्धि की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्तरों पर विजेता खिलाड़ियों को मिलने वाली पुरस्कार राशि बढ़ाने की घोषणा की। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 200 से बढ़ाकर 300 रुपये और तृतीय पुरस्कार 150 से बढ़ाकर 200 रुपये किया जाएगा।

विधानसभा स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार क्रमशः 500, 400 और 300 रुपये से बढ़ाकर 700, 500 और 400 रुपये किए जाएंगे। वहीं, संसदीय क्षेत्र स्तर पर पुरस्कार राशि 800, 600 और 400 रुपये से बढ़ाकर क्रमशः 1,000, 800 और 600 रुपये होगी।

राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 1,500 से बढ़ाकर 2,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1,000 से बढ़ाकर 1,500 रुपये और तृतीय पुरस्कार 700 से बढ़ाकर 1,000 रुपये किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में ओवरऑल विजेता जनपद को मिलने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की घोषणा की गई।

सरदार पटेल को किया नमन, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

मुख्यमंत्री धामी ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता से देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने एक सशक्त और एकजुट भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सबसे पहली पहचान भारतीय होने की है। यही भावना हमें आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर काम करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। गुजरात में स्थापित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी उनके योगदान और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ जैसे आयोजन सरदार पटेल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं को खेल, योग और नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने नशे से दूर रहने और नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की अपील भी की।

जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसे पर जताया शोक

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बदरीनाथ धाम से लौटते समय जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने भगवान बदरी विशाल से दिवंगत आत्माओं की शांति और उनके परिजनों को इस कठिन समय में दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला, उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला, उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा और निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.