उत्तराखण्ड को ग्लोबल फिल्म डेस्टिनेशन बनाने के लिए प्रयासरत सरकार, सीएम धामी ने अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं से की मुलाकात

ऑस्कर विजेता निर्देशक सैम मेंडेस की फिल्म परियोजना से उत्तराखण्ड को मिलेगी वैश्विक पहचान, पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 18 Oct, 2026 06:13 PM
उत्तराखण्ड को ग्लोबल फिल्म डेस्टिनेशन बनाने के लिए प्रयासरत सरकार, सीएम धामी ने अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं से की मुलाकात

देहरादून, 18 अक्टूबर 2026। उत्तराखण्ड को अंतरराष्ट्रीय फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक चौरासी कुटिया यानी बीटल्स आश्रम में प्रस्तावित है। इस संबंध में रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर प्रस्तावित शूटिंग और राज्य में फिल्म निर्माण की संभावनाओं पर चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, ‘क्लोवर’ (CLOVER) नाम से प्रस्तावित इस फिल्म परियोजना की शूटिंग फरवरी 2027 में ऋषिकेश में की जानी है। इस परियोजना का निर्देशन ऑस्कर विजेता फिल्म निर्देशक सर सैम मेंडेस कर रहे हैं। प्रस्तावित शूटिंग से उत्तराखण्ड की प्राकृतिक सुंदरता, आध्यात्मिक विरासत और ऐतिहासिक स्थलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

‘द बीटल्स’ के चार सदस्यों पर बनेंगी चार फिल्में

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के लिए नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस द्वारा एप्पल कॉर्प्स के सहयोग से ‘द बीटल्स’ के चारों सदस्यों के जीवन और संगीत यात्रा पर आधारित चार अलग-अलग फिल्में बनाई जा रही हैं। इस फिल्म श्रृंखला का नाम ‘द बीटल्स – ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ रखा गया है। इन फिल्मों को अप्रैल 2028 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।

परियोजना के तहत ऋषिकेश के बीटल्स आश्रम में प्रस्तावित शूटिंग इस क्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व को फिर से वैश्विक चर्चा में ला सकती है। वर्ष 1968 में ‘द बीटल्स’ के सदस्यों ने ऋषिकेश में समय बिताया था। इसके बाद से यह स्थान संगीत प्रेमियों और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण बना हुआ है।

250 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और भारतीय क्रू सदस्यों की भागीदारी

प्रस्तावित फिल्म शूटिंग के दौरान 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और लगभग 150 भारतीय क्रू सदस्यों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। इसके अतिरिक्त स्थानीय तकनीशियनों और अन्य सहयोगियों की सेवाएं भी ली जाएंगी। भारत में फिल्म निर्माण से संबंधित कार्यों का समन्वय ‘ऑन द रोड इंडिया’ द्वारा किया जा रहा है।

इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होने के साथ ही होटल, परिवहन, खानपान और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को लाभ मिलने की संभावना है। फिल्म निर्माण से जुड़े स्थानीय पेशेवरों और तकनीशियनों को भी अंतरराष्ट्रीय प्रोडक्शन के साथ काम करने का अवसर मिल सकता है।

फिल्म नीति से निर्माताओं को सुविधाएं दे रही सरकार: सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत और विविध शूटिंग लोकेशन के कारण देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग स्थलों में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। राज्य सरकार की फिल्म नीति-2024 के अंतर्गत फिल्म निर्माताओं को अनुकूल वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि देश-विदेश की अधिक से अधिक फिल्म परियोजनाएं उत्तराखण्ड में आएं, जिससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।

ऋषिकेश की वैश्विक पहचान को मिलेगा विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश विश्वभर में योग और आध्यात्मिकता की नगरी के रूप में प्रसिद्ध है। ‘द बीटल्स’ का भी इस शहर से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। ऐसे में यहां अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग से प्रदेश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक स्तर पर और अधिक पहचान मिल सकती है। इससे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में ब्रिटिश फिल्म निर्माता एवं बाफ्टा पुरस्कार के लिए नामित एलेक्जेंड्रा डर्बीशायर, भारतीय फिल्म निर्माता दिलीप सिंह राठौर और सुपरवाइजिंग लोकेशन मैनेजर एम्मा पिल शामिल थीं।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#UttarakhandNews #Rishikesh #TheBeatles #SamMendes #FilmTourism #PushkarSinghDhami


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

kitkat ad