बनबसा में युवाओं से सीएम धामी का संवाद, बोले- निष्ठा और पारदर्शिता से ही तय होगा उज्ज्वल भविष्य

‘ड्रग फ्री उत्तराखंड’ से ‘विकसित भारत-2047’ तक युवाओं से सीधा संवाद; 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया से सरकारी नौकरी मिलने का दावा

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 31 Aug, 2026 09:36 PM
बनबसा में युवाओं से सीएम धामी का संवाद, बोले- निष्ठा और पारदर्शिता से ही तय होगा उज्ज्वल भविष्य

बनबसा, 31 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बनबसा स्थित सुमंगलम होटल में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान युवाओं ने शिक्षा, रोजगार, नकल विरोधी कानून, नशामुक्ति, विज्ञान एवं तकनीक, युवा आयोग और स्थानीय विकास से जुड़े सवाल मुख्यमंत्री के सामने रखे। मुख्यमंत्री ने सवालों के जवाब देते हुए युवाओं को निष्ठा, अनुशासन और परिश्रम के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी व्यक्ति जन्म से महान नहीं होता, बल्कि अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और मनोयोग से निर्वहन करते हुए महान बनता है। उन्होंने युवाओं से जीवन में अनुशासन को अपनाने और ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।

नकल विरोधी कानून से पारदर्शिता पर जोर

संवाद के दौरान छात्रा मिलन कलखुड़िया ने मुख्यमंत्री से उनके जीवन सफर के बारे में सवाल किया। इसके जवाब में धामी ने अपनी शिक्षा, युवावस्था और राजनीतिक यात्रा के अनुभव साझा किए।

छात्रा प्रीति पांडे ने नकल विरोधी कानून की सराहना करते हुए स्थानीय स्तर पर परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराने की मांग रखी। उन्होंने परीक्षा केंद्र टनकपुर में बनाए जाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर में परीक्षा केंद्र स्थापित करने के लिए उचित प्रयास किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में नकल विरोधी सख्त कानून लागू होने से प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है। उन्होंने दावा किया कि अब तक 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।

‘ड्रग फ्री उत्तराखंड’ के लिए युवाओं से सहयोग की अपील

छात्र रोहित शर्मा ने मुख्यमंत्री से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को लेकर सवाल किया। मुख्यमंत्री ने ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड’ अभियान का उल्लेख करते हुए युवाओं से खुद नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी नशे से दूर रखने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में देश की युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं की ऊर्जा और क्षमता को सही दिशा मिले तो वे देश और प्रदेश के विकास में निर्णायक योगदान दे सकते हैं।

चंपावत में 56 करोड़ की लागत से बन रहा साइंस सेंटर

छात्र सुमित सिंह नायक के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने बताया कि चंपावत में करीब 56 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक साइंस सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र युवाओं और विद्यार्थियों को विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में नई जानकारी और अवसर उपलब्ध कराने में उपयोगी साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर सरकार का विशेष फोकस है। चंपावत में आधुनिक पुस्तकालय, राजकीय पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेज, साइंस सेंटर और राज्य के पहले बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज जैसी सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है।

युवा आयोग बनेगा युवाओं के लिए मार्गदर्शन का माध्यम

छात्र नमन पुरी ने युवा आयोग के गठन को लेकर मुख्यमंत्री से सवाल किया। इस पर धामी ने कहा कि राज्य में युवा आयोग का गठन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आयोग प्रदेश के युवाओं को सही दिशा और मार्गदर्शन देने के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की करीब 65 प्रतिशत आबादी युवा है और यही युवा शक्ति 21वीं सदी की सबसे बड़ी ताकत है। स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि युवाओं को सही मार्गदर्शन और अवसर मिलें तो वे देश का परिदृश्य बदल सकते हैं।

पलायन रोकने के लिए औद्योगिक पार्कों पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में अल्मोड़ा, चमोली और पौड़ी जैसे जनपदों में औद्योगिक पार्क स्थापित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को उनके ही क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि पहाड़ों से होने वाले पलायन को प्रभावी ढंग से रोका जा सके।

युवा प्रतिभाओं को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा, खेल, समाज सेवा, स्वरोजगार, पर्यावरण संरक्षण और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली स्थानीय युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया।

नीट परीक्षा में सफलता हासिल करने वाली बनबसा के बसटिया क्षेत्र की हिमानी विश्वकर्मा, अमेजॉन में 47 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर चयनित बिचई की श्वेता चंद और राष्ट्रीय पैरा आर्म रेसलिंग में स्वर्ण पदक जीतने वाले टनकपुर के पवन गढ़कोटी को सम्मानित किया गया।

इसके अलावा खेल एवं दिव्यांग कल्याण के क्षेत्र में राज्य स्तरीय दक्षता पुरस्कार प्राप्त करने वाले बनबसा के संदीप रस्तोगी, निशुल्क गौ सेवा से जुड़े पवन मेहता, नशा मुक्ति अभियान के संचालक मनीष सिंह तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहीं अजंता विजय को भी सम्मानित किया गया।

बागवानी के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित करने वाले चंपावत के कमल गिरी, माउंट एवरेस्ट विजेता पर्वतारोही वीरेंद्र सिंह सामंत, लोक संस्कृति एवं मीडिया इंफ्लुएंसर तरुण भट्ट तथा युवतियों को सेना और पुलिस भर्ती की निशुल्क ट्रेनिंग देने वाली बनबसा की अरुणिमा रावत को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, भाजपा जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, प्रभारी गुंजन सुखीजा, सह प्रभारी नितिन देउपा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव समेत प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2