पीएम मोदी के जन्मदिन से उत्तराखंड में चलेगा सेवा संकल्प अभियान, घर-घर पहुंचने का भाजपा ने लिया संकल्प
16 सितंबर से प्रदेश में शुरू होगा अभियान, 17 सितंबर को देशभर में शुरुआत; 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा कार्यक्रमों का आयोजन
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 30 Aug, 2026 07:01 PMदेहरादून, 30 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू होने वाले राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान को उत्तराखंड में घर-घर तक पहुंचाने के लिए भाजपा ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। हरिद्वार रोड स्थित कुआंवाला में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचने का संकल्प लिया।
प्रदेश में यह अभियान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन 16 सितंबर से शुरू होगा, जबकि देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से अभियान की शुरुआत होगी। विभिन्न सेवा कार्यक्रमों का आयोजन 17 अक्टूबर तक किया जाएगा।
सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का बेहतर अवसर पीएम मोदी का जन्मदिन : धामी
कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित किया है। उनके जन्मदिन को सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से मनाना भाजपा की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा कार्यों को पहुंचाना भी जरूरी है और इसके लिए प्रधानमंत्री का जन्मदिन बेहतर अवसर है।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए मुकाम की ओर बढ़ रहा है। गरीबों के कल्याण, महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों के सम्मान और युवाओं के लिए अवसर बढ़ाने की दिशा में केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रत्येक निर्णय में राष्ट्रहित सर्वोपरि रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भी विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और प्रदेश में भाजपा संगठन सेवा कार्यों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाएगा।
वंदे मातरम् को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री धामी ने कार्यशाला के दौरान मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रमों का भी जिक्र किया। उन्होंने विपक्ष पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वंदे मातरम् राष्ट्र के सम्मान और स्वाभिमान से जुड़ा विषय है और देश इसे सम्मान के साथ गाता रहेगा।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर उत्तराखंड में युवाओं के रोजगार और नकल माफिया को लेकर गलत तथ्य पेश करने का आरोप लगाया। धामी ने कहा कि प्रदेश में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है और नकल माफिया के खिलाफ सरकार ने कड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया, उनमें से कई आज जेल में हैं।
हल्द्वानी की घटना को लेकर भी मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सनातन और सामाजिक विषयों को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है।
सत्ता शक्ति नहीं, सेवा का माध्यम : कुलदीप चहल
अभियान के क्षेत्रीय संयोजक कुलदीप चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जीवन और व्यवहार से यह स्थापित किया है कि सत्ता शक्ति नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए भाजपा ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा कार्यक्रमों के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि सेवा भाजपा का मूल मंत्र है और इस अभियान के जरिए संगठन को घर-घर तक पहुंचकर सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करना है। चहल ने कहा कि उत्तराखंड भाजपा संगठन की कार्यक्षमता राष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखती है और उन्हें विश्वास है कि प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान प्रभावी रूप से संचालित होगा।
सेवा के अभियान में भी अव्वल रहेगा उत्तराखंड भाजपा संगठन : महेंद्र भट्ट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष गरीबों, युवाओं और महिलाओं के कल्याण के लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सबसे अच्छा उत्सव सेवा का उत्सव है।
भट्ट ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को केवल उत्सव के रूप में न मनाकर सेवा के संकल्प के साथ जनता के बीच पहुंचें। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि राजनीतिक कार्यक्रमों की तरह सेवा अभियान में भी उत्तराखंड भाजपा संगठन बेहतर प्रदर्शन करेगा।
13 प्रमुख कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत
प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक कुंदन परिहार ने कार्यशाला में करीब एक माह तक चलने वाले अभियान की विस्तृत रूपरेखा पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में विभिन्न सेवा गतिविधियों के तहत 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इनमें आशीर्वाद की दहलीज, 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत, नमो सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, रंगोली राष्ट्र और राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज सहित विभिन्न कार्यक्रम शामिल हैं।
भाजपा का लक्ष्य इन कार्यक्रमों के जरिए समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंच बनाना और सेवा गतिविधियों को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ना है।
गरीबों को सशक्त बनाने पर मोदी सरकार का जोर : अजय टम्टा
केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश जिस विकास की कल्पना करता था, वह अब साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की राष्ट्र प्रथम की भावना उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में भी दिखाई देती है।
टम्टा ने कहा कि पिछली सरकारों ने गरीबी हटाने का नारा दिया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार ने गरीबों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम किया है।
कार्यशाला में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, मदन कौशिक, गणेश जोशी, भरत चौधरी, विधायक विनोद चमोली, सहदेव पुंडीर, बृजभूषण गैरोला, प्रेमचंद अग्रवाल, आदेश चौहान, मोहन बिष्ट, महंत दिलीप रावत, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, दीप्ति रावत, अभियान सह संयोजक नलिन भट्ट सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, सह प्रभारी तथा प्रदेश एवं जिला स्तर की अभियान टोली के पदाधिकारी मौजूद रहे।



No Previous Comments found.