शहीदों की मूर्तियां गांवों में स्थापित करने का फैसला नई पीढ़ी को देशप्रेम और राष्ट्रसेवा से जोड़ेगा: महेंद्र भट्ट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने धामी कैबिनेट के फैसलों का किया स्वागत, कहा—शहीदों का सम्मान पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव की बात
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 26 Aug, 2026 09:25 PMदेहरादून, 26 अगस्त। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने धामी कैबिनेट के विभिन्न फैसलों का स्वागत करते हुए उन्हें जनकल्याणकारी और उत्तराखंड के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने प्रदेश के 1845 शहीदों की मूर्तियां उनके पैतृक गांवों में स्थापित करने के निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह कदम नई पीढ़ी को देशप्रेम, राष्ट्रसेवा और शहीदों के बलिदान से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में शहीद सैनिकों की मूर्तियां उनके पैतृक गांवों में स्थापित करने का निर्णय वीरभूमि उत्तराखंड के लिए गौरवपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि प्रस्ताव में अल्मोड़ा के 141, बागेश्वर के 113, चमोली के 260, चंपावत के 54, देहरादून के 216, हरिद्वार के 15, लैंसडाउन के 212, पौड़ी के 145, नैनीताल के 113, पिथौरागढ़ के 342, रुद्रप्रयाग के 96, ऊधम सिंह नगर के 61 और उत्तरकाशी के 14 शहीदों के नाम शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि शहीदों की प्रतिमाएं उनके पैतृक गांवों में स्थापित करने का निर्णय केवल स्मारक निर्माण तक सीमित नहीं है। यह आने वाली पीढ़ियों को शहीदों की वीरगाथाओं और राष्ट्रसेवा की भावना से जोड़ने वाला कदम है। इससे शहीदों के परिवारों के सम्मान में भी वृद्धि होगी और युवाओं को देश के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलेगी।
भट्ट ने कहा कि भाजपा का मानना है कि शहीद किसी एक परिवार के नहीं, बल्कि पूरे देश और समाज की अमूल्य धरोहर होते हैं। उनके बलिदान को सम्मान देना सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी कहा जाता है और यहां के हजारों जवानों ने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। ऐसे वीर सपूतों को उनके गांव में सम्मान मिलना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
सड़कों को लेकर सरकार की पहल का स्वागत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश की सड़कों के सुधार को लेकर धामी सरकार की पहल का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मानसून के बाद सड़कों को युद्धस्तर पर दुरुस्त करने की तैयारी और निविदा प्रक्रिया समय से पूरी करने के निर्देश सरकार की दूरदर्शिता और जनसुविधाओं के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि आर्थिक गतिविधियों, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण विकास की जीवनरेखा हैं। मुख्यमंत्री द्वारा अक्टूबर से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का सड़क मार्ग से भ्रमण करने का निर्णय भी सराहनीय है। इससे सरकार की जमीनी स्तर पर समस्याओं को समझने और बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम सड़क व्यवस्था उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता स्पष्ट होती है।
भट्ट ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और स्थानीय निकायों के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड में बेहतर सड़क कनेक्टिविटी विकसित होगी और प्रदेश के गांवों एवं दूरस्थ क्षेत्रों का संपर्क और मजबूत होगा।
उपनल कर्मियों के लिए समान कार्य, समान वेतन के फैसले का स्वागत
महेंद्र भट्ट ने उपनल कर्मियों को समान कार्य के लिए समान वेतन देने संबंधी कैबिनेट के निर्णय का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह फैसला कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम है और इससे बड़ी संख्या में कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने अपने कार्यकाल में कर्मचारियों, युवाओं, महिलाओं और आम जनता से जुड़े विषयों पर लगातार निर्णय लिए हैं। कैबिनेट के ताजा फैसलों से स्पष्ट है कि राज्य सरकार जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से काम कर रही है।
भट्ट ने धामी कैबिनेट द्वारा लिए गए अन्य जनकल्याणकारी निर्णयों का भी स्वागत करते हुए कहा कि इन फैसलों से विकास और जनसुविधाओं को गति मिलेगी।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#महेंद्रभट्ट #पुष्करसिंहधामी #उत्तराखंड #भाजपा #शहीदसम्मान #शहीदोंकीप्रतिमा #उपनलकर्मी #समानवेतन #सड़कविकास #देहरादून



No Previous Comments found.