उत्तराखंड : टीएचडीसी टनल रेस्क्यू अभियान जारी, एक और श्रमिक सुरक्षित बाहर निकाला गया; एक की तलाश युद्धस्तर पर
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 18 Aug, 2026 02:03 PMचमोली, 18 अगस्त 2026 — हाट-सियासैंण, मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुई दुर्घटना के बाद लापता श्रमिकों की तलाश और राहत-बचाव अभियान लगातार जारी है। रेस्क्यू अभियान के दौरान मंगलवार को एक और श्रमिक को टनल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उसे तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय, गोपेश्वर भेजा गया है।
एक श्रमिक के बाहर निकाले जाने के बाद अब एक लापता श्रमिक की तलाश शेष है, जिसे लेकर रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है। रेस्क्यू टीमें टनल के भीतर संभावित स्थानों पर लगातार सघन सर्च अभियान चला रही हैं।
स्लज और पानी की निकासी पर विशेष जोर
रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के लिए टनल के भीतर जमा स्लज (कीचड़ एवं मलबे) को लगातार हटाया जा रहा है। इसके साथ ही टनल में जमा पानी की निकासी का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। सक्शन पंपों और अन्य आवश्यक उपकरणों की मदद से पानी तथा स्लज को हटाया जा रहा है, ताकि रेस्क्यू टीमों की आवाजाही सुगम हो सके और संभावित स्थानों तक पहुंचकर लापता श्रमिक की तलाश की जा सके।
विभिन्न एजेंसियां समन्वय के साथ जुटीं
जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ तथा संबंधित विभागों की टीमें आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हुई हैं। अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है और रेस्क्यू कार्य में तेजी लाने के लिए आवश्यक संसाधन एवं उपकरण मौके पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
प्रशासन की ओर से लापता श्रमिक की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। टनल के भीतर सभी संभावित स्थानों पर बारीकी से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। रेस्क्यू टीमें पूरी तत्परता के साथ कार्य करते हुए लापता श्रमिक तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं।



No Previous Comments found.