न्यू टिहरी में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सीबीसी की फोटो प्रदर्शनी शुरू, गणेश जोशी ने किया उद्घाटन
तिरंगा रैली में विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने दिखाया देशभक्ति का जज्बा, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ पर भी विशेष प्रदर्शनी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 14 Aug, 2026 06:11 PMनई टिहरी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), देहरादून, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से नई टिहरी में दो दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को विशेष फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया।
प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ जैसे विषयों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन, युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन, ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक विरासत तथा वर्ष 1947 के विभाजन से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रमों की जानकारी दी जा रही है।
‘तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक’
प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
गणेश जोशी ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज की गौरवपूर्ण यात्रा और देश के इतिहास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को प्रदर्शित करने के लिए सीबीसी के प्रयासों की सराहना की।
तिरंगा रैली में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
कार्यक्रम के दौरान चंबा ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने तिरंगा रैली में उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्री देव सुमन पार्क से निकली रैली में विद्यार्थी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए और लोगों को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी का संदेश दिया।
रैली में अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी, एसडीएम कमलेश मेहता और जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम समेत जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हुए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में देश के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों के लिए रचनात्मक गतिविधियां
सीबीसी देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने बताया कि फोटो प्रदर्शनी के साथ विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज और देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ना तथा उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना है।
इस दौरान 13 अगस्त को नई टिहरी के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित अंतर-विद्यालयी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी गणेश जोशी ने सम्मानित किया। कविता, चित्रकला और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कविता प्रतियोगिता: वीबीएस पब्लिक स्कूल की आकृति ने प्रथम, ऑल सेंट कॉन्वेंट स्कूल की अवंतिका ने द्वितीय और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रतिमा चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
चित्रकला प्रतियोगिता: ऑल सेंट कॉन्वेंट स्कूल के आरुम हुसैन ने प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की आरुषी ने द्वितीय और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की खुशी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता: ऑल सेंट कॉन्वेंट स्कूल की रिद्धिमा ने प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की फाइजा ने द्वितीय और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की रहनुमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विभाजन की पीड़ा को दर्शाती प्रदर्शनी भी बनी आकर्षण
विभाजन विभीषिका दिवस के अवसर पर प्रताप इंटर कॉलेज, टिहरी में सूचना विभाग, टिहरी की ओर से भारत विभाजन की त्रासदी, विस्थापन और उस दौर की पीड़ादायक स्मृतियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। तस्वीरों और विवरणों के माध्यम से वर्ष 1947 के दौरान लाखों लोगों की पीड़ा, संघर्ष और विस्थापन की कहानी को प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर पाकिस्तान से विभाजन के बाद टिहरी पहुंचे परिवारों के सदस्यों को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सम्मान का यह क्षण भावुक कर देने वाला रहा। कार्यक्रम के माध्यम से नई पीढ़ी को विभाजन के इस दर्दनाक अध्याय से परिचित कराने के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, चंबा ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, स्थानीय नागरिक और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



No Previous Comments found.