उत्तराखंड में निराश्रित महिलाओं के लिए बड़ा फैसला, अब ‘मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान योजना’ के नाम से मिलेगी आर्थिक सहायता
धामी सरकार ने भरण-पोषण अनुदान योजना का बदला नाम, विधवा, परित्यक्ता और निराश्रित अविवाहित महिलाओं को मिलेगा सम्मानजनक पहचान का संदेश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 27 Nov, 2026 10:53 PMदेहरादून। उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने एकल एवं निराश्रित महिलाओं के सामाजिक सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राज्य सरकार ने निराश्रित महिला भरण-पोषण अनुदान योजना का नाम बदलकर अब ‘मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान योजना’ कर दिया है। इस निर्णय का उद्देश्य एकल महिलाओं को सम्मानजनक पहचान प्रदान करने के साथ उनके प्रति सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करना है।
इस संबंध में उत्तराखंड शासन के सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्धांकी ने निदेशक, समाज कल्याण उत्तराखंड को पत्र जारी कर योजना के नाम में संशोधन की जानकारी दी है।
शासन की ओर से जारी पत्र के अनुसार, निराश्रित विधवा महिलाओं के भरण-पोषण अनुदान के साथ-साथ परित्यक्ता विवाहित महिलाओं और निराश्रित अविवाहित महिलाओं के लिए संचालित भरण-पोषण अनुदान योजना का नाम संशोधित कर ‘मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान योजना’ किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लिया गया यह निर्णय एकल महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें समाज में सम्मानजनक पहचान देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। योजना के नए नाम के माध्यम से विधवा, परित्यक्ता और निराश्रित अविवाहित महिलाओं को एक व्यापक सामाजिक पहचान देने का प्रयास किया गया है।
राज्य सरकार का मानना है कि महिलाओं का आर्थिक रूप से सशक्त होना उनके आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सुरक्षा के लिए आवश्यक है। ऐसे में योजना का नाम परिवर्तन एकल महिलाओं के सम्मान और कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।
इस फैसले के साथ उत्तराखंड सरकार ने महिला कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में अपनी प्राथमिकताओं को भी स्पष्ट किया है।


No Previous Comments found.