उत्तराखंड के किसानों को बड़ी राहत: रद्द होगी खाद की नई ई-टोकन व्यवस्था, अब पुरानी प्रक्रिया से मिलेगा उर्वरक

कृषि मंत्री गणेश जोशी के प्रयासों को मिली सफलता, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रस्ताव को दी मंजूरी; जल्द जारी होगा केंद्र सरकार का आधिकारिक आदेश

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 23 Nov, 2026 07:32 PM
उत्तराखंड के किसानों को बड़ी राहत: रद्द होगी खाद की नई ई-टोकन व्यवस्था, अब पुरानी प्रक्रिया से मिलेगा उर्वरक

देहरादून, 23 नवंबर। उत्तराखंड के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। प्रदेश में खाद वितरण के लिए लागू की गई नई ई-टोकन व्यवस्था को वापस लेने का निर्णय लिया गया है। किसानों को अब पहले की तरह पुरानी व्यवस्था के तहत ही उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। कृषि मंत्री गणेश जोशी के अनुरोध पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड में नई ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। इस संबंध में भारत सरकार की ओर से जल्द ही आधिकारिक पत्र जारी किया जाएगा।

दरअसल, प्रदेश में नई ई-टोकन व्यवस्था (FFS-Fertilizer Framework) लागू होने के बाद किसानों को खाद प्राप्त करने में कई तरह की व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर रबी फसलों की बुवाई के महत्वपूर्ण समय में खाद की उपलब्धता और वितरण प्रक्रिया को लेकर किसानों की दिक्कतें बढ़ गई थीं। किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कृषि मंत्री गणेश जोशी ने तत्काल केंद्र सरकार के समक्ष यह मामला उठाया।

इस क्रम में गणेश जोशी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से दूरभाष पर बातचीत की और पत्र भेजकर उत्तराखंड में नई ई-टोकन व्यवस्था में शिथिलता प्रदान करने के साथ ही किसानों को पूर्व की भांति पुरानी प्रक्रिया से उर्वरक उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। उनके इस अनुरोध को केंद्रीय कृषि मंत्री द्वारा स्वीकार किए जाने के बाद प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

केंद्रीय कृषि मंत्री के निर्णय पर आभार व्यक्त करते हुए गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। खेती-किसानी के कार्यों में किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की जरूरतों और जमीनी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाना सरकार की प्राथमिकता है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व कालाढूंगी के विधायक बंशीधर भगत और पंतनगर में किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने कृषि मंत्री गणेश जोशी से मुलाकात कर नई ई-टोकन व्यवस्था के कारण किसानों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया था। किसान प्रतिनिधियों ने व्यवस्था में आवश्यक बदलाव करने की मांग उठाई थी। इसके बाद कृषि मंत्री ने मामले को प्राथमिकता से लेते हुए केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी पैरवी की।

केंद्र सरकार की सहमति के बाद अब उत्तराखंड के किसानों को खाद वितरण की पुरानी व्यवस्था से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, इसके औपचारिक क्रियान्वयन के लिए भारत सरकार के आधिकारिक पत्र का इंतजार है।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.