महिला सशक्तिकरण के लिए धामी सरकार ने लिए ऐतिहासिक निर्णय, कांग्रेस को नहीं दिख रहे विकास कार्य : महेंद्र भट्ट

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के बयान पर किया पलटवार, कहा- महिला उत्थान के लिए भाजपा सरकार कृतसंकल्पित, 2.65 लाख से अधिक महिलाएं बनीं ‘लखपति दीदी’, स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण; जेंडर बजट में करीब 20 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 23 Nov, 2026 06:37 PM
महिला सशक्तिकरण के लिए धामी सरकार ने लिए ऐतिहासिक निर्णय, कांग्रेस को नहीं दिख रहे विकास कार्य : महेंद्र भट्ट

देहरादून। उत्तराखंड में महिला सशक्तिकरण और महिला कल्याण को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जो देश के अन्य राज्यों के लिए भी उदाहरण बन रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने महिला कल्याण के लिए कोई ठोस सकारात्मक पहल नहीं की और भाजपा सरकार की योजनाओं पर हमेशा नकारात्मक दृष्टिकोण अपनाया है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि धामी सरकार ने महिला सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाओं को धरातल पर उतारा है, लेकिन कांग्रेस को ये उपलब्धियां दिखाई नहीं दे रही हैं। ऐसा लगता है कि कांग्रेस को दृष्टिदोष हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उन्हें समान अधिकार दिलाने और आर्थिक रूप से मजबूत करने के संकल्प के साथ काम कर रही है।

समान नागरिक संहिता और आरक्षण से महिलाओं को मिला अधिकार

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना, जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई। इसके माध्यम से महिलाओं को समान अधिकार देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। उन्होंने दावा किया कि यूसीसी से मुस्लिम महिलाओं को हलाला, इद्दत, बहुविवाह और तीन तलाक जैसी प्रथाओं से कानूनी संरक्षण मिला है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू किया गया है। इसके साथ ही सहकारी प्रबंध समितियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है। भट्ट के अनुसार, महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी सरकार के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और वर्ष 2024-25 में राज्य की मातृ मृत्यु दर घटकर 91 पर आ गई है।

स्वयं सहायता समूहों से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

महेंद्र भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत पात्र महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस योजना में डेढ़ लाख रुपये तक अनुदान का प्रावधान किया गया है। वहीं, सशक्त बहना उत्सव योजना और मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना के माध्यम से महिलाओं के लिए रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को ब्रांड के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। उद्यमिता के क्षेत्र में सक्रिय स्वयं सहायता समूहों को पांच प्रतिशत बोनस देने की व्यवस्था भी की गई है।

भट्ट ने कहा कि प्रदेश में आयोजित महिला सम्मान कार्यक्रमों, कार्यशालाओं और विभिन्न गतिविधियों के लिए 2.30 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी गई है। वहीं, 2.65 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनकर आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। सामुदायिक स्तर पर महिलाओं की व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सीएलएफ को 15.4 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता भी प्रदान की गई है।

महिला स्वास्थ्य, खेल और तकनीकी प्रशिक्षण को बढ़ावा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को भी प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना के तहत प्रसव के बाद महिलाओं को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्यों को ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण देकर ‘ड्रोन सखी’ के रूप में तैयार किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण महिलाओं के लिए तकनीक आधारित रोजगार के नए अवसर विकसित हो सकें।

उन्होंने बताया कि चंपावत जिले के लोहाघाट में 256 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ ही द्वितीय विश्व युद्ध की वीरांगनाओं को दी जाने वाली पेंशन में भी वृद्धि की गई है।

बालिकाओं की शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा के लिए योजनाएं

महेंद्र भट्ट ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के कल्याण के लिए सरकार विभिन्न स्तरों पर काम कर रही है। अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के तहत मसूरी, देहरादून स्थित राजकीय अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास के भवन अनुरक्षण कार्य के लिए 67.42 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

प्रदेश में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की बेटियों के सामूहिक विवाह के लिए 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। वहीं, नंदा गौरा योजना के तहत बालिका के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए 51 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

जेंडर बजट में करीब 20 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार के बजट में पिछले वर्ष की तुलना में 16 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि की गई है। इस वर्ष जेंडर बजट के अंतर्गत लगभग 20 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य एवं पोषण को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के माध्यम से भी आर्थिक सहायता दी जा रही है।

उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। उन्होंने परिसीमन को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संसद में दिए गए आश्वासन का भी उल्लेख किया और कहा कि किसी भी राज्य के साथ सीटों के मामले में भेदभाव नहीं किया जाएगा।

विकास के एजेंडे पर काम कर रही भाजपा सरकार

महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा चुनाव और वोट की राजनीति को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि विकास और जनकल्याण के एजेंडे के साथ काम करती है। महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का उद्देश्य महिलाओं को सम्मान, समान अवसर और आर्थिक स्वतंत्रता प्रदान करना है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिन योजनाओं और निर्णयों को लेकर सवाल उठा रही है, उनका लाभ प्रदेश की मातृशक्ति को मिल रहा है। महिलाओं के उत्थान और आत्मनिर्भरता के लिए सरकार की प्रतिबद्धता लगातार जारी रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की महिलाएं आगामी विधानसभा चुनाव में सरकार के कार्यों और योजनाओं के आधार पर अपना निर्णय लेंगी।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.