उत्तराखंड न्यूज़ : मसूरी शहीद स्थल पहुंचकर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को किया नमन
बोले- अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखण्ड राज्य बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे संवारने का कार्य कर रहे हैं; आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को किया याद
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 9 Nov, 2026 12:58 PMमसूरी, 09 नवंबर 2026। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को मसूरी स्थित शहीद स्थल पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर पृथक उत्तराखण्ड राज्य के निर्माण के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले आंदोलनकारियों को नमन किया। इस दौरान उन्होंने राज्य निर्माण के लिए आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का स्मरण किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष और बलिदान के परिणामस्वरूप ही पृथक राज्य का सपना साकार हुआ। उन्होंने राज्य आंदोलन में मातृशक्ति के अतुलनीय योगदान को विशेष रूप से स्मरण करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की महिलाओं ने राज्य निर्माण के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।
अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को किया याद
गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखण्ड को पृथक राज्य का दर्जा दिलाने में देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का ऐतिहासिक योगदान रहा है। उन्होंने उत्तराखण्डवासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए राज्य निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा, “अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखण्ड राज्य बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे संवारने का कार्य कर रहे हैं।”
26 वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ा उत्तराखण्ड
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण कर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। इन वर्षों में प्रदेश ने विभिन्न क्षेत्रों में अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार आंदोलनकारियों की भावनाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड आने वाले समय में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान स्थापित करेगा। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, दायित्वधारी ज्योति कोटिया, मोहन पेटवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#UttarakhandFoundationDay #GaneshJoshi #Mussoorie #UttarakhandNews #उत्तराखण्डस्थापनादिवस #गणेशजोशी #मसूरी #युगवार्ता


No Previous Comments found.