भाजपा ने पत्रकारों के साथ मनाया दीपावली मिलन समारोह, महेंद्र भट्ट बोले- लोकतंत्र की मजबूती में मीडिया की अहम भूमिका

प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों को दी दीपावली की शुभकामनाएं, प्रदेश और देश के विकास में मार्गदर्शक की भूमिका निभाने का किया आह्वान

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 7 Nov, 2026 10:37 PM
भाजपा ने पत्रकारों के साथ मनाया दीपावली मिलन समारोह, महेंद्र भट्ट बोले- लोकतंत्र की मजबूती में मीडिया की अहम भूमिका

देहरादून, 07 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड परिवार की ओर से शनिवार को पत्रकारों के साथ दीपावली मिलन समारोह का आयोजन उमंग और उल्लास के साथ किया गया। हरिद्वार रोड स्थित रिस्पना पुल के निकट एक निजी संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने पत्रकारों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके परिजनों सहित समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा की मीडिया टीम की ओर से उपस्थित पत्रकारों के साथ औपचारिक भेंटवार्ता की गई। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत और प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने पत्रकारों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की बधाई दी।

लोकतंत्र की मजबूती में पत्रकारों की अहम भूमिका: महेंद्र भट्ट

पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे और महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था में निष्पक्ष पत्रकारिता और मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है, वहीं देश और समाज के सामने विभिन्न प्रकार की चुनौतियां भी हैं।

उन्होंने कहा कि समाज का आईना और उसकी आवाज होने के नाते पत्रकारों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। लोकतंत्र एवं संवैधानिक व्यवस्था की मजबूती में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पत्रकारों से आग्रह किया कि वे प्रदेश और देश को आगे बढ़ाने में समाज का मार्गदर्शन करते हुए अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करें।

जनहित के मुद्दों पर पत्रकारों के सुझाव महत्वपूर्ण: दीप्ति रावत

प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने भी पत्रकारों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सभी के मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि एक राजनेता के रूप में पत्रकारों के साथ निरंतर संपर्क बना रहता है। इस दौरान समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों और समस्याओं पर पत्रकारों से अनेक सुझाव प्राप्त होते हैं, जो प्रदेश एवं देश की राजनीति और सरकारी कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने में सहायक साबित होते हैं।

सकारात्मक ऊर्जा के साथ प्रदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प: मनवीर सिंह चौहान

कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने सभी पत्रकारों को दीपावली की बधाई दी और उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व सभी के जीवन में उमंग, उल्लास और नई ऊर्जा लेकर आए। इस सकारात्मक ऊर्जा का उपयोग प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने में किया जाना चाहिए।

दीपावली मिलन समारोह में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह नेगी, संपूर्ण रावत, कुलदीप रावत, प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी, हनी पाठक, कमलेश रमन तथा संपर्क प्रमुख हरीश चमोली सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#UttarakhandNews #BJPUttarakhand #MahendraBhatt #Dehradun #DiwaliMilan #Journalists #YugvartaNews


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.