आमजन की जरूरतों और श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखकर विकास कार्यों को दी जा रही प्राथमिकता: प्रदीप बतरा
बिझौली में सड़क निर्माण का उद्घाटन, वर्ल्ड बैंक कॉलोनी में शिव मंदिर हॉल व सौंदर्यीकरण कार्य का भूमि पूजन, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने विकास कार्यों को दी रफ्तार, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के अधिकारियों को निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 5 Oct, 2026 11:08 PMरुड़की। क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कैबिनेट मंत्री एवं रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने ग्राम बिझौली और वर्ल्ड बैंक कॉलोनी में विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन एवं भूमि पूजन किया। दोनों कार्यक्रमों में पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों ने ढोल-नगाड़ों और पुष्पहारों के साथ मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
ग्राम बिझौली में क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिए इंटरलॉकिंग टाइल्स से बनने वाली सड़क के निर्माण कार्य का कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने उद्घाटन किया। सड़क का निर्माण जिला पंचायत हरिद्वार की कार्यदायी संस्था के माध्यम से कराया जा रहा है। सड़क के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।
सड़क निर्माण के उद्घाटन के दौरान स्थानीय नागरिकों ने विकास कार्य के लिए मंत्री का आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क बनने से दैनिक आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
इसके बाद मंत्री प्रदीप बत्रा ने वर्ल्ड बैंक कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में नए विशाल हॉल के निर्माण और मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण कार्य का विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया। प्रस्तावित हॉल का उपयोग धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए किया जा सकेगा। मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर प्रदीप बत्रा ने कहा कि क्षेत्र में सड़क, नाली, धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों के सुदृढ़ीकरण समेत बुनियादी ढांचे से जुड़े विकास कार्य लगातार कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आमजन की जरूरतों और श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ निर्धारित समय में जनता तक पहुंचना चाहिए और निर्माण कार्यों में मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
कार्यक्रमों के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Roorkee #PradeepBatra #Bijnouli #WorldBankColony #UttarakhandNews #DevelopmentWorks #Haridwar #Uttarakhand



No Previous Comments found.