मक्तूलपुरी में बदहाल सड़क और गहरे गड्ढों पर मंत्री प्रदीप बत्रा सख्त, अधिकारियों को तत्काल सड़क दुरुस्त करने के निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 5 Oct, 2026 10:58 PMरुड़की, 5 अक्टूबर 2026। मक्तूलपुरी स्थित शेर सिंह राणा चौक के समीप सड़क की जर्जर हालत और गहरे गड्ढों से लोगों को हो रही परेशानी का कैबिनेट मंत्री एवं रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने संज्ञान लिया। सोमवार को मंत्री ने प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया और समस्या के तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सड़क की खराब स्थिति और जगह-जगह बने गहरे गड्ढों को देखते हुए प्रदीप बत्रा ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को अविलंब मार्ग को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरम्मत एवं निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए और काम निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों और राहगीरों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि रुड़की के नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम यातायात सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क की मरम्मत का कार्य केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि लंबे समय तक टिकाऊ समाधान सुनिश्चित किया जाए। स्थानीय लोगों ने भी सड़क की बदहाली से जुड़ी अपनी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी, स्थानीय पार्षद, संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Roorkee #PradeepBatra #Uttarakhand #PushkarSinghDhami #Maktulpuri #RoadRepair #UttarakhandNews



No Previous Comments found.